गोमती नदी के किनारे 43 एकड़ में ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट लाएगा एलडीए
प्राधिकरण बोर्ड ने ग्रुप हाउसिंग परियोजना के लिए भूखण्डों के नियोजन के प्रस्ताव को दी मंजूरी

सहारा बाजार के दुकानदारों के हितों की रक्षा करेगा एलडीए, विस्थापन नीति के तहत आवंटित की जाएंगी दुकानें
शहीद पथ पर पुलिस मुख्यालय के पीछे अवैध कब्जे से खाली करायी गयी 43 एकड़ जमीन पर एलडीए अपना ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट लांच करेगा। गोमती नदी के किनारे प्राइम लोकेशन पर स्थित इस भूमि पर ग्रुप हाउसिंग के 11 और व्यावसायिक उपयोग का 01 भूखण्ड नियोजित किया जाएगा। इसके अलावा 15 प्रतिशत हिस्से में ग्रीन एरिया विकसित किया जाएगा। एलडीए बोर्ड ने इसके प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है।
उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-7 में ग्राम-सरसवां की 43.051 भूमि को प्राधिकरण द्वारा अर्जित किया गया था। लंबे समय से खाली पड़ी उक्त भूमि पर कुछ लोगों ने अवैध अतिक्रमण कर रखा था। लैंड ऑडिट में प्रकरण उजागर होने पर अभियान चलाकर भूमि को अवैध कब्जे से खाली कराया गया। उन्होंने बताया कि अब उक्त भूमि पर भवन निर्माण एवं विकास उपविधि-2025 के प्राविधानों के तहत ले-आउट प्लान तैयार कराया गया है। जिसके अंतर्गत यहां ग्रुप हाउसिंग के 11 भूखण्ड व 01 व्यावसायिक भूखण्ड नियोजित किया जाएगा। इसके अलावा 15 प्रतिशत क्षेत्र में ग्रीन एरिया का विकास किया जाएगा।
सहारा बाजार के आवंटियों को एलडीए देगा दुकान
विभूतिखण्ड स्थित सहारा बाजार के 12 दुकानदारों को एलडीए गोमती नगर में दुकानें देगा। उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि सहारा ग्रुप ने लीज शर्तों का उल्लंघन करते हुए लोगों को सहारा बाजार में दुकानें बेंच दी थीं। हाल ही में एलडीए ने अनुबंध निरस्त करते हुए कॉम्पलेक्स को कब्जे में ले लिया। सहारा ग्रुप से धोखा खाये आवंटियों के हितों को एलडीए सुरक्षित करेगा। इन दुकानदारों को विस्थापन नीति के तहत गोमती नगर के विनय खण्ड में एलडीए के व्यावसायिक कॉम्पलेक्स के प्रथम तल पर दुकानें आवंटित की जाएंगी।








