एलडीए ने अवैध रूप से बनाये गये हॉस्पिटल, पाइप फैक्ट्री व कॉम्पलेक्स समेत कई अवैध निर्माण किये सील

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अवैध निर्माण/प्लाटिंग के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में गुरूवार को प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने अपने-अपने क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना निर्मित किये जा रहे हॉस्पिटल, पाइप फैक्ट्री व कॉम्पलेक्स समेत अन्य अवैध निर्माण सील किये गये।

प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि अभिलाष द्वारा काकोरी के ग्राम-शिवरी में मोहान रोड पर लगभग 1000 वर्गफिट क्षेत्रफल में अवैध रूप से भूतल व प्रथम तल का निर्माण कराके पी0वी0सी0 पाइप का कारखाना संचालित किया जा रहा था। इसके अलावा अमजद अली द्वारा आलमबाग के बहादुरखेड़ा में मकान संख्या-559क/135 पर लगभग 1500 वर्गफिट क्षेत्रफल में भूतल व प्रथम तल पर दुकानें तथा द्वितीय तल पर आवासीय निर्माण कराया गया था।

वहीं, हरप्रीत कौर द्वारा पारा में बुद्धेश्वर रोड पर लगभग 4000 वर्गफिट क्षेत्रफल के भूखण्ड पर बेसमेंट, भूतल एवं प्रथम तल का निर्माण कराकर डेलाइट सन हॉस्पिटल का संचालन किया जा रहा था। प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना किये गये इन अवैध निर्माणों के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए सीलिंग के आदेश पारित किये गये थे।

सहायक अभियंता वाई0पी0 सिंह के नेतृत्व में अवर अभियंता भरत पाण्डेय, भानु प्रताप वर्मा व प्रमोद कुमार पाण्डेय द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से सील कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button
btnimage