एलडीए ने निर्माणाधीन अपार्टमेंट, काॅम्पलेक्स व रो-हाउस भवनों को सील किया

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर प्रवर्तन टीम द्वारा अलीगंज, जानकीपुरम विस्तार व गुड़म्बा क्षेत्र में की गयी कार्यवाही

 

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अवैध निर्माण/प्लाटिंग के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में शुक्रवार को प्रवर्तन जोन-4 एवं 5 की टीम ने अलीगंज, जानकीपुरम और गुड़म्बा क्षेत्र में कार्यवाही करते हुए निर्माणाधीन अपार्टमेंट, व्यवसायिक काॅम्पलेक्स व रो-हाउस भवनों को सील किया।

प्रवर्तन जोन-5 की जोनल अधिकारी श्रद्धा चौधरी ने बताया कि राज ठाकुर, वीरेन्द्र सिंह ठाकुर, धीरज सिंह ठाकुर व बिल्डर हेलाल अहमद द्वारा गुड़म्बा के कल्याणपुर स्थित शिवानी विहार कालोनी में भूखण्ड संख्या बी-30 पर लगभग 2000 वर्गफुट क्षेत्रफल में चार मंजिला अपार्टमेंट का निर्माण किया गया था। इसके अतिरिक्त मोहित कनौजिया व अन्य द्वारा जानकीपुरम विस्तार के छठा मील में मिर्जापुर पुलिया के पास लगभग 5400 वर्गफिट क्षेत्रफल में 4 डुप्लेक्स रो-हाउस भवनों का निर्माण कराया जा रहा था। इसी तरह मोहम्मद अनवर व अन्य द्वारा नहर रोड पर ग्राम-मिर्जापुर में लगभग 5400 वर्गफिट क्षेत्रफल में 6 डुप्लेक्स रो-हाउस भवनों का निर्माण किया गया था।

 

उक्त तीनों प्रकरण में विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए सीलिंग आदेश पारित किये गये थे। जिसके अनुपालन में आज सहायक अभियंता एन0एन0 चौबे के नेतृत्व में अभियंता राजीव कुमार श्रीवास्तव व विपिन बिहारी राय द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से प्रश्नगत स्थलों को सील कर दिया गया।

प्रवर्तन जोन-4 की जोनल अधिकारी प्रिया सिंह ने बताया कि हरीश कपूर द्वारा अलीगंज के कपूरथला में भूखण्ड संख्या-बी-1/21 पर लगभग 3200 वर्गफुट क्षेत्रफल में स्वीकृत आवासीय भवन मानचित्र के विपरीत व्यवसायिक उपयोग हेतु बेसमेंट, भूतल, प्रथम तल आदि का निर्माण किया जा रहा था। जिसके विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए सीलिंग आदेश पारित किये गये थे। इसके अनुपालन में आज अवर अभियंता अम्बरीष शर्मा व शिव कुमार द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से अवैध निर्माण को सील कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button
btnimage