एलडीए ने ट्रांसपोर्ट नगर में चलाया अभियान, 05 अवैध व्यावसायिक बिल्डिंग सील

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने की कार्यवाही

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने गुरूवार को सरोजनी नगर के ट्रांसपार्ट नगर में अभियान चलाया। इस दौरान बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्मित की जा रहीं 05 व्यावसायिक बिल्डिंग को सील किया गया।
प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह ने बताया कि संजय सिंह व अन्य द्वारा ट्रांसपोर्ट नगर में भूखण्ड संख्या-जी-1/123 पर लगभग 430 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अवैध रूप से व्यावसायिक गोदाम का निर्माण करवाया जा रहा था। इसी तरह नरेश खेतान, सुनीता खेतान, मनीष अग्रवाल व अन्य द्वारा भूखण्ड संख्या-सी-1/17 पर लगभग 865 वर्गमीटर क्षेत्रफल में व्यावसायिक भवन का निर्माण कराया जा रहा था। वहीं, अमित सिंह, दुर्गा प्रसाद तिवारी व अन्य द्वारा ट्रांसपोर्ट नगर के फेस-2 में भूखण्ड संख्या-एम.जी.-4 पर लगभग 150 वर्गमीटर क्षेत्रफल में व्यावसायिक भवन का निर्माण करवाया जा रहा था। इसके अलावा प्रदीप कुमार द्वारा भूखण्ड संख्या-ई-22 पर लगभग 450 वर्गमीटर क्षेत्रफल में वेयर हाउस का निर्माण करवाया जा रहा था। इसी तरह सबज्ञान इन्फ्रास्ट्रक्चर एलएलपी के ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह द्वारा भूखण्ड संख्या-ई-59 पर लगभग 919 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बिल्डिंग का निर्माण करवाया जा रहा था।
प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना किये जा रहे इन पांच निर्माण कार्यों के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए सीलिंग के आदेश पारित किये गये थे। जिसके अनुपालन में अवर अभियंता प्रमोद कुमार पाण्डेय व भरत पाण्डेय द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से इन सभी अवैध निर्माणों को सील कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button
btnimage