मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 470 खिलाड़ियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, 15 खिलाड़ियों को अपने हाथों से दिए नियुक्ति पत्र

43 उपनिरीक्षक, 295 आरक्षी नागरिक पुलिस और 132 आरक्षी पीएसी में नियुक्त, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता भी शामिल

खेल से पहचान, मेहनत से मुकाम, अब कानून-व्यवस्था में योगदान देंगे चैंपियन

एक लाख सरकारी नौकरियों के महाअभियान के तहत पांच कार्यक्रमों में अब तक 7,142 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र

2022 से अब तक 1420 खिलाड़ियों को पुलिस में नौकरी, खेल प्रतिभाओं के लिए सरकारी सेवा के खुले रास्ते

लखनऊ, 8 अक्टूबर 2026

कभी बॉक्सिंग रिंग में प्रतिद्वंद्वी को मात दी तो कभी निशानेबाजी में अचूक निशाना लगाकर पदक जीते। किसी ने हॉकी के मैदान पर पहचान बनाई तो किसी ने तीरंदाजी और एथलेटिक्स में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। खेल के मैदान में मेहनत से मुकाम हासिल करने वाले ऐसे 470 खिलाड़ी अब उत्तर प्रदेश पुलिस की वर्दी में कानून-व्यवस्था संभालने में योगदान देंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लोक भवन सभागार में आयोजित समारोह में इन खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें से 15 खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें कुशीनगर की बॉक्सर आइस प्रजापति, मेरठ के निशानेबाज शार्दुल विहान, लखनऊ के हॉकी खिलाड़ी आमिर अली और मुरादाबाद के निशानेबाज मोहित पाल समेत अन्य खिलाड़ी शामिल रहे। कुल 470 नियुक्तियों में 43 उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस, 295 आरक्षी नागरिक पुलिस और 132 आरक्षी पीएसी के पद शामिल हैं।

नियुक्ति पाने वालों में कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता शामिल हैं। कुशीनगर की बॉक्सर आइस प्रजापति ने नेशनल गेम्स 2024 में स्वर्ण पदक जीता था। मेरठ के निशानेबाज शार्दुल विहान एशियन गेम्स 2018 के रजत पदक विजेता हैं। लखनऊ के हॉकी खिलाड़ी आमिर अली एशियन चैंपियनशिप 2024 और मुरादाबाद के निशानेबाज मोहित पाल नेशनल चैंपियनशिप 2025 के स्वर्ण पदक विजेता हैं। चारों को उपनिरीक्षक बनाया गया है।

बैडमिंटन खिलाड़ी हिमांशी तिवारी, कराटे खिलाड़ी प्रणय शर्मा और बॉक्सर अभिषेक यादव को भी उपनिरीक्षक नियुक्त किया गया है। तीरंदाज रागिनी मार्को, एथलीट तान्या चौधरी और वॉलीबॉल खिलाड़ी अनन्या राय को नियुक्ति पत्र मिले हैं। बरेली की भारोत्तोलक सुहानी राजपूत और लखनऊ की साइक्लिस्ट तनु भारती को आरक्षी बनाया गया है। कबड्डी खिलाड़ी अमरेश, हॉकी खिलाड़ी प्रतिमा सरोज और बॉक्सर अभय सिंह राठौर भी नियुक्ति पाने वालों में शामिल हैं।

योगी सरकार की कुशल खिलाड़ी योजना के तहत वर्ष 2022 से अब तक 1420 खिलाड़ियों को पुलिस विभाग में नौकरी मिल चुकी है। उत्तर प्रदेश पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड इन खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं भी उपलब्ध करा रहा है, ताकि नौकरी के साथ खेलों में उनका प्रदर्शन जारी रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक लाख सरकारी नौकरियां देने के महाअभियान के तहत सितंबर से नियुक्ति पत्र वितरण का सिलसिला जारी है। 19 सितंबर को विभिन्न विभागों के 818 चयनित अभ्यर्थियों, 20 सितंबर को 912 पुलिसकर्मियों, 22 सितंबर को 3,567 शिक्षकों और प्रधानाचार्यों तथा 28 सितंबर को 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। इन चार कार्यक्रमों में 6,672 युवाओं को नियुक्ति पत्र मिले। आठ अक्टूबर को 470 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र मिलने के बाद इन पांच कार्यक्रमों में नियुक्ति पाने वालों की कुल संख्या 7,142 हो गई है।

Related Articles

Back to top button
btnimage