एलडीए : गोसाईंगंज व दुबग्गा में चला बुलडोजर, 05 अवैध प्लाटिंग ध्वस्त

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-1 एवं जोन-7 की टीम ने की कार्रवाई

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शहर में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ लगातार चलाये जा रहे अभियान के क्रम में गुरूवार को प्रवर्तन टीम ने गोसाईंगंज व दुबग्गा क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान एलडीए से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना अवैध रूप से की जा रही 05 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।
प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि शुधांशु वर्मा व अन्य द्वारा गोसाईंगंज के दुलारमऊ में लगभग 04 बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी। इसी तरह ग्राम-दुलारमऊ में ही मुन्ना सिंह द्वारा लगभग 04 बीघा व जीवन कुमार द्वारा लगभग 02 बीघा क्षेत्रफल में अवैध तरीके से प्लाटिंग का कार्य कराया जा रहा था। प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इन तीनों अवैध प्लाटिंग को प्रवर्तन टीम द्वारा ध्वस्त कर दिया गया।
प्रवर्तन जोन-7 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि राजा राम पाल व अन्य द्वारा दुबग्गा के ग्राम-मलहा में लगभग 5,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा था। इसी तरह राम सरन व अन्य द्वारा ग्राम-मलहा में लगभग 6,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में प्लाटिंग की जा रही थी। एलडीए से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही उक्त दोनों अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया गया। इस दौरान विकासकर्ताओं द्वारा स्थल पर विकसित की गयी सड़क, नाली, बाउन्ड्रीवॉल आदि को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button
btnimage