काकोरी में 20 बीघा अवैध प्लाटिंग एलडीए का बुलडोजर, चौक में अवैध व्यावसायिक कॉम्लेक्स सील
आगरा एक्सप्रेस-वे पर प्रस्तावित एलडीए की वरूण विहार योजना में आ रहे गांव में चल रही थी अवैध प्लाटिंग

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-3 एवं जोन-7 की टीम ने की कार्रवाई
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शहर में अवैध निर्माण व प्लाटिंग के खिलाफ लगातार चलाये जा रहे अभियान के क्रम में शनिवार को प्रवर्तन टीम ने बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान काकोरी में लगभग 20 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 02 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। वहीं, चौक के नक्खास में अवैध रूप से निर्मित किये जा रहे 01 व्यावसायिक कॉम्पलेक्स को सील किया गया।
प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी विपिन कुमार शिवहरे ने बताया कि आगरा एक्सप्रेस-वे पर प्राधिकरण की प्रस्तावित वरूण विहार योजना में आ रहे काकोरी के ग्राम-सकरा में मोहम्मद अजीम खान व अन्य द्वारा लगभग 10 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा था। इसी तरह विपिन कुमार व अन्य द्वारा सकरा गांव में 10 बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी। प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इन दोनों अवैध प्लाटिंग को प्रवर्तन टीम द्वारा ध्वस्त कर दिया गया।
चौक में अवैध व्यावसायिक निर्माण सील
प्रवर्तन जोन-7 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि रिजवान व अन्य द्वारा चौक में नक्खास मार्केट पुलिस चौकी के पास लगभग 100 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर अवैध रूप से व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का निर्माण करवाया जा रहा था। प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना किये जा रहे इस निर्माण कार्य के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए सीलिंग के आदेश पारित किये गये थे। जिसके अनुपालन में प्रवर्तन टीम ने निर्माणाधीन कॉम्पलेक्स को सील कर दिया।








