एलडीए : आई0टी0 सिटी में बनेंगे 10 सेक्टर, ग्रिड सड़कों का निर्माण जल्द होगा शुरू
लखनऊ विकास प्राधिकरण ने योजना के विकास के लिए लैंड पूलिंग के माध्यम से साइन किया एक और एग्रीमेंट

सुल्तानपुर रोड व किसान पथ के मध्य 2,858 एकड़ क्षेत्रफल में प्रस्तावित आई0टी0 सिटी योजना ने पकड़ी रफ्तार05 गांव के 39 भू-स्वामियों ने लगभग 300 बीघा भूमि लैंड पूलिंग के माध्यम से निःशुल्क देने का दिया प्रस्ताव
लखनऊ विकास प्राधिकरण की आई0टी0 सिटी योजना ने रफ्तार पकड़ ली है। सुल्तानपुर रोड व किसान पथ से सीधे कनेक्ट होने वाली इस योजना में कुल 10 सेक्टर विकसित किये जाएंगे। जिसमें ले-आउट के मुताबिक ग्रिड सड़कों का निर्माण अगले माह से शुरू हो जाएगा। योजना के लिए भूमि जुटाव का कार्य तेजी से चल रहा है। गुरूवार को प्राधिकरण ने एक भू-स्वामी के साथ लैंड पूलिंग के माध्यम से 20 बीघा भूमि का एग्रीमेंट साइन किया। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने भू-स्वामी को कार्यालय में बुलाकर एग्रीमेंट डीड सौंपी।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग व किसान पथ के मध्य प्रस्तावित आई0टी0 सिटी का क्षेत्रफल बढ़ाकर 2,858 एकड़ किया गया है। जिसके लिए मोहनलालगंज तहसील के ग्राम-बक्कास, सोनई कंजेहरा, सिकन्दरपुर अमोलिया, सिद्धपुरा, परेहटा, पहाड़नगर टिकरिया, रकीबाबाद, मोहारी खुर्द, खुजौली और भटवारा की जमीन ली जाएगी। यह योजना अपनी सर्वाेत्तम रोड कनेक्टिविटी के कारण लोगों के लिए काफी उपयोगी होगी। योजना में 72 वर्गमीटर से 200 वर्गमीटर क्षेत्रफल के लगभग 5,000 आवासीय भूखण्ड सृजित किये जाएंगे। इसके अलावा ग्रुप हाउसिंग के बड़े भूखण्ड भी नियोजित किये जाएंगे।
उन्होंने बताया कि आई0टी0 सिटी को इस तरह विकसित किया जाएगा, जिससे अधिकतम निजी निवेश आकर्षित हो। इसके लिए योजना में लगभग 445.65 एकड़ इन्डस्ट्रियल एरिया व व्यावसायिक गतिविधियों के लिए लगभग 260 एकड़ क्षेत्रफल आरक्षित किया जाएगा। इससे इंडस्ट्रियल व व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इसके अलावा योजना में लगभग 200 एकड़ ग्रीन बेल्ट के बड़े भू-भाग में गोल्फ सिटी बनायी जाएगी। साथ ही लगभग 15 एकड़ क्षेत्रफल में फैली वाटर बॉडी योजना को पर्यावरण के अनुकूल बनाएगी।
लैंड पूलिंग से 300 बीघा भूमि के प्रस्ताव मिले
संयुक्त सचिव सुशील प्रताप सिंह ने बताया कि योजना के लिए जमीन जुटाने का काम तेजी से चल रहा है। इसके तहत 05 गांव के 39 भू-स्वामियों ने अपनी 300 बीघा से अधिक भूमि लैंड पूलिंग के माध्यम से निःशुल्क देने के आवेदन दिये हैं। गुरूवार को ए-स्क्वायर कंपनी के विवेक अग्रवाल व अंश अग्रवाल ने मोहारी खुर्द गांव में स्थित अपनी लगभग 20 बीघा भूमि प्राधिकरण को लैंड पूलिंग के माध्यम से देते हुए एग्रीमेेंट डीड साइन किया।
ग्रिड सड़कों का निर्माण होगा प्रारम्भ
आई0टी0 सिटी में सुगम यातायात के लिए चौड़ी सड़कों का बेहतरीन नेटवर्क होगा। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मुख्य अभियंता नवनीत शर्मा को ले-आउट के मुताबिक विकास कार्य शुरू कराने के निर्देश दिये हैं। इसके अंतर्गत 45 मीटर, 30 मीटर, 24 मीटर व 18 मीटर चौड़ी ग्रिड सड़कों का निर्माण अगले माह से शुरू कराया जाएगा। संयुक्त सचिव ने बताया कि मोहारी खुर्द गांव में साइट ऑफिस बनाने का काम चल रहा है। किसानों से वार्ता करके कार्य को गति देने के लिए 02 नायब तहसीलदार, 02 अमीन, 02 लेखपाल व 02 कर्मचारियों की स्थल पर ड्यूटी लगायी गयी है।








