अलीगढ़, फिरोजाबाद एवं आगरा के पीड़ितो के परिजनों से मिलने पहुंचा कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल

उत्तर प्रदेश अपराध प्रदेश बन गया है। प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। अपराधियों में कानून का भय पूरी तरह से समाप्त हो चुका है। अपराधी आए दिन हत्या, डकैती लूट तथा बलात्कार जैसी जघन्य घटनाओं को बेखौफ होकर अंजाम दे रहे हैं। बढ़ते अपराधों की दिशा में उत्तर प्रदेश प्रतिदिन नया कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। अपराधी तो अपराधी हैं अब सूबे की पुलिस भी योगी राज में निरंकुश होकर अपराधियों जैसा व्यवहार कर रही है।

बीते कुछ दिनों पूर्व जनपद अलीगढ़ के मामूभंजन इलाके में भीड़ द्वारा फरीद उर्फ औरंगजेब की पीटकर-पीटकर हत्या कर दी गई। जनपद फिरोजाबाद में पुलिस हिरासत में हुई एक दलित युवक की मौत तथा जनपद आगरा के ग्राम रूपधानों निवासी 2 भाईयों की पुलिस प्रताड़ना के बाद आत्महत्या सम्बन्धी घटना के संज्ञान में आने पर आज कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व मंत्री अजय राय के नेतृत्व में जनपद अलीगढ़, फिरोजाबाद एवं जनपद आगरा पहुंचा।

मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन मनीष हिंदवी ने बताया कि घटना का संज्ञान लेते हुए प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय उक्त जनपदों में हुई घटनाओं के पीड़ितों के घर पहुंचकर उनके परिजनों से मिलकर घटना की वस्तुस्थिति की जानकारी ली तथा परिजनों को सांत्वना दी और पार्टी की ओर से उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया तथा स्थानीय प्रशासन से मिलकर घटना की निष्पक्ष जांच कराते हुए परिजनों को न्याय दिलाने की मांग करते हुए कहा कि पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दे तथा परिवार में एक सदस्य सरकारी नौकरी भी प्रदान करे।

इस मौके पर राय ने कहा कि उ0प्र0 की कानून व्यवस्था पूरी तरह से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों से निकल चुकी है, और अब प्रदेश में कानून का नहीं बल्कि पुलिस का राज कायम हो गया हैं। योगी जी की निरंकुश पुलिस मनमाने तरीके से कानून व्यवस्था चला रही है। फिरोजाबाद में एक दलित युवक थाने में पिटाई से हुई मौत का मामला हो या आगरा में पुलिस की प्रताड़ना से तंग आकर दो भाईयों की आत्महत्या का मामला हो, पुलिस पूरी तरह से बेकाबू हो चुकी है। पुलिस का खौफ अब अपराधियों में न होकर आम जनमानस में दिखाई देने लगा है।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों में नवनिर्वाचित सांसद इमरान मसूद, तनुज पुनिया, विधायक वीरेन्द्र चौधरी, पूर्व विधायक, उपाध्यक्ष पं0 राजकुमार रावत, संगठन महासचिव अनिल यादव, प्रदेश महासचिव मुकेश धनगर, प्रदेश सचिव अखिलेश शर्मा, फतेहपुर सीकरी लोकसभा के प्रत्याशी रामनाथ सिकरवार, जिला कांग्रेस कमेटी आगरा के अध्यक्ष अरुण शर्मा शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित दिवाकर एवं जिला/शहर कांग्रेस कमेटी फिरोजाबाद के अध्यक्ष संदीप तिवारी एवं साजिद बेग शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage