काकोरी और गोसाईंगंज में एलडीए की कार्रवाई, 07 अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-2 एवं जोन-3 की टीम ने की कार्रवाई

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शहर में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ लगातार चलाये जा रहे अभियान के क्रम में मंगलवार को प्रवर्तन टीम ने गोसाईंगंज व काकोरी क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना की जा रही 07 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।

प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी जोनल अधिकारी माधवेश कुमार ने बताया कि वीर बहादुर यादव व अन्य द्वारा गोसाईंगंज के सिठौली खुर्द में लगभग 02 बीघा, प्रदीप मिश्रा व अन्य द्वारा लगभग 02 बीघा तथा बृजेश व अन्य द्वारा लगभग 04 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य कराया जा रहा था। इन तीनों अवैध प्लाटिंग के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किये गये थे। जिसके अनुपालन में प्रवर्तन टीम द्वारा स्थल पर कार्रवाई करते हुए अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया गया।

प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी विपिन कुमार शिवहरे ने बताया कि फिरोज व अन्य द्वारा काकोरी के ग्राम-मौंदा में लगभग 03 बीघा व अनीस पहलवान द्वारा ग्राम-मौंदा, डिगिया में लगभग 20 बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी। इसी तरह गोल्डन सिटी ग्रुप द्वारा ग्राम-मौंदा, डिगिया में लगभग 02 बीघा व परमेसुर द्वारा काकोरी के ग्राम-समदा में लगभग 4.5 बीघा क्षेत्रफल में प्लाटिंग का कार्य कराया जा रहा था। प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इन चारों अवैध प्लाटिंग को प्रवर्तन टीम द्वारा ध्वस्त कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button
btnimage