नये क्लेवर में नजर आएगा हजरतगंज, रंग-रूप में दिखेगी एकरूपता
जिलाधिकारी ने हजरतगंज में कराये जाने वाले सौंदर्यीकरण के कार्यों के सम्बंध में अधिकारियों व व्यापार मण्डल के पदाधिकारियों के साथ की बैठक

फसाड कंट्रोल गाइडलाइन के तहत भवनों, साइनेज, स्ट्रीट फर्नीचर, बोलार्ड व बिजली के खम्भों आदि के रंग व डिजाइन पर बनी सहमति
लखनऊ, 21 जुलाई 2025
हजरतगंज जल्द ही नये क्लेवर में नजर आएगा। यहां की इमारतें अपने नये रंग-रूप से अवध का अंदाज बयां करेंगी। इसके लिए सभी बिल्डिंगों के फसाड व साइनेज आदि के रंग व आकार में एकरूपता लायी जाएगी। जिलाधिकारी विशाख जी0 ने हजरतगंज में कराये जाने वाले सौंदर्यीकरण के कार्यों के सम्बंध में सोमवार को अधिकारियों व व्यापार मण्डल के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई। जिसमें भवनों, साइनेज, स्ट्रीट फर्नीचर, बोलार्ड व बिजली के खम्भों आदि के रंग व डिजाइन पर सहमति बनी।
बैठक में एलडीए उपाध्यक्ष ने व्यापार मण्डल के प्रतिनिधियों को अवगत कराया कि वर्तमान में इमारतों का जो रंग है, उसमें मामूली बदलाव किया गया है। फसाड कंट्रोल गाइडलाइन के तहत व्यवस्था लागू होने से हजरतगंज मार्केट हेरिटेेज लुक में उभर कर आएगा, जोकि पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करेगा। जिलाधिकारी ने व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि वह अपने स्तर से फसाड कंट्रोल गाइडलाइन का पालन सुनिश्चित करते हुए साइनेज बोर्ड को व्यवस्थित करने का कार्य करें। साथ ही बेतरतीब ढंग से लगी होर्डिंग्स को हटवाने में प्राधिकरण का सहयोग करें। इस पर व्यापारियों ने सहमति जताते हुए अपने स्तर से कार्य कराने आश्वासन दिया गया।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि प्राधिकरण द्वारा हजरतगंज में सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। इसमें कास्ट आयरन की रेलिंग, वुडेन फिनिशिंग की बेंच, डबल आर्म स्ट्रीट लाइट्स व बोलार्ड आदि के कार्य कराये जाएंगे। साथ ही पाथ-वे को सुव्यवस्थित करते हुए निर्धारित स्थानों पर आकर्षक डिजाइन के डस्टबिन लगवाये जाएंगे। उन्होंने बताया कि सेंट्रल वर्ज पर लगे बिजली के खम्भों को हटाया जाएगा और सड़क के दोनों किनारों पर स्ट्रीट लाइटें लगवायी जाएंगी, जिसकी डिजाइन पर भी सहमति बन गयी है।
बैठक में प्राधिकरण के सचिव विवेक श्रीवास्तव, मुख्य अभियंता नवनीत शर्मा, अधिशासी अभियंता संजीव कुमार गुप्ता समेत नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, मेट्रो, जलकल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी व अभियंता उपस्थित रहे।








