एलडीएः बसन्तकुंज योजना में 252 वर्गमीटर के 50 आवासीय भूखण्ड ई-ऑक्शन में लगाये

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के आदेश पर लैंड ऑडिट से चिन्हित की गयी सम्पत्तियों को भी ई-ऑक्शन में लगाया गया

6729.6 वर्गमीटर में निर्मित चार मंजिला रतनखण्ड कॉम्पलेक्स व 1586.43 वर्गमीटर में बने मानसरोवर कॉम्पलेक्स को भी नीलामी के माध्यम से बेचा जाएगा
लखनऊ में आप प्राइम लोकेशन पर अपना आलीशान मकान बनाना चाह रहे हैं तो लखनऊ विकास प्राधिकरण आपके लिए सुनहरा अवसर लेकर आया है। एलडीए ने इस बार बसन्तकुंज योजना के सेक्टर-जी में गऊ घाट के पास ग्रीन कॉरिडोर से लगे हुये 50 आवासीय भूखण्ड ई-ऑक्शन में लगाये हैं। 252 वर्गमीटर क्षेत्रफल के ये भूखण्ड नीलामी के माध्यम से खरीदे जा सकेंगे। भूखण्ड का अनुमानित मूल्य 32,955 रूपये वर्गमीटर है।
इतना ही नहीं, इस बार के ई-ऑक्शन में प्राइम लोेकेशन पर स्थित उन बेशकीमती सम्पत्तियों को भी शामिल किया गया है, जिन्हें एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने लैंड ऑडिट के माध्यम से चिन्हित कराकर खाली करवाया है। अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि मंगलवार को उपाध्यक्ष ने सभी योजना अधिकारियों के साथ बैठक करके लैंड ऑडिट में चिन्हित की गयी अन्य सम्पत्तियों को भी ई-ऑक्शन में लगाने के निर्देश दिये। इस क्रम में गोमती नगर विस्तार में एस0एस0बी0 के पास लगभग 100 करोड़ रूपये कीमत के 2.5 हेक्टेयर के भूखण्ड को ऑक्शन में लगाया जा रहा है। इसी तरह गोमती नगर के विशाल खण्ड में 1800 वर्गमीटर क्षेत्रफल के व्यावसायिक व नर्सिंग होम भू-उपयोग के भूखण्डों को भी ई-ऑक्शन में लगाया गया है। इसके अलावा बसन्तकुंज योजना के सेक्टर-जी में 252 वर्गमीटर क्षेत्रफल के 50 आवासीय भूखण्ड पहली बार ई-ऑक्शन में लगाये जा रहे हैं। ये सभी भूखण्ड गऊ घाट पर नव निर्मित ग्रीन कॉरिडोर के पास नियोजित किये गये हैं, जिनकी कीमत लगभग 310 करोड़ रूपये है।
बालू अड्डे के पास बनेंगे बहुमंजिला भवन
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि लैंड ऑडिट के माध्यम से बालू अड्डा, बहुखण्डी आवास के पास लगभग 4,200 वर्गमीटर तथा ऐशबाग में भदेवां के निकट लगभग 5,000 वर्गमीटर भूमि तलाशी गयी है, जोकि प्राधिकरण की अर्जित भूमि है। इन दोनों भूखण्डों पर बहुमंजिला आवासीय भवन बनाने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिये गये हैं।
कॉमर्शियल कॉम्पलेस ऑक्शन में लगाये गये
लखनऊ विकास प्राधिकरण ने अपने पूर्व निर्मित 02 व्यावसायिक कॉम्पलेक्स को बेचने के सम्बंध में भी महत्पूर्ण निर्णय लिया है। इसके अनुसार 6729.6 वर्गमीटर क्षेत्रफल में निर्मित पांच मंजिला रतनखण्ड कॉम्पलेक्स व 1586.43 वर्गमीटर में बने पांच मंजिला मानसरोवर कॉम्पलेक्स को ई-ऑक्शन के माध्यम से बेचा जाएगा। इसमें रतनखण्ड कॉम्पलेक्स की कीमत 87 करोड़ रूपये तथा मानसरोवर कॉम्पलेक्स की कीमत 15.27 करोड़ रूपये रखी गयी है। इन दोनों कॉम्पलेक्स को इस बार के ई-ऑक्शन में लगाया गया है।

Related Articles

Back to top button
btnimage