एलडीए: ‘सिंगल टेबल क्लीयरेंस डे’ पर 106 प्रकरणों का समाधान, 50 दिन से लंबित थीं फाइल

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर पारिजात सभागार में किया गया ’सिंगल टेबल क्लीयरेंस डे’ का आयोजन

एक ही पटल पर समस्त अनुभागों के अधिकारियों की उपस्थिति से 106 फाइलों का मौके पर हुआ निस्तारण
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शनिवार को प्राधिकरण में ‘सिंगल टेबल क्लीयरेंस डे’ का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत समस्त अनुभागों के अधिकारी व कर्मचारी फाइलों के साथ मीटिंग हाॅल में उपस्थित हुए। कार्यवाही के दौरान विभिन्न प्रकरणों से सम्बंधित कुल 106 फाइलों का निस्तारण किया गया।
एलडीए सचिव विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देशानुसार प्राधिकरण में लंबित फाइलों के निस्तारण के लिए शनिवार को सिंगल टेबल क्लीयरेंस डे का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत समस्त विशेष कार्याधिकारी, सहायक लेखाधिकारी, अनुभाग अधिकारी, लिपिक व अभियंता गण अपने अनुभाग की लंबित फाइलों के साथ सुबह 10ः30 बजे मीटिंग हाॅल में उपस्थित हुए। इस दौरान उपाध्यक्ष महोदय द्वारा स्वयं लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गयी तथा फाइलों पर तुरंत निर्णय लेते हुए कार्यवाही सम्पादित करायी गयी। इसमें प्रकाश वीर द्वारा निशातगंज स्थित पेपरमिल कालोनी के भवन संख्या-एच-2/6 की रजिस्ट्री के सम्बंध में 30 सितम्बर, 2024 को आवेदन किया गया था। जिसकी फाइल सम्पत्ति की गणना न होने के चलते 50 दिन से अधिक समय से लंबित थी। उपाध्यक्ष के निर्देश पर 15 मिनट में सम्पत्ति की गणना की कार्यवाही सम्पादित कराकर निबंधन के लिए फाइल तैयार करवायी गयी। इसी तरह गोमती नगर योजना के व्योम खण्ड के आवंटी मेजर बी0एस0 श्रीवास्तव द्वारा भूखण्ड समायोजन के सम्बंध में प्रार्थना पत्र दिया गया था, जोकि लगभग दो महीने से लंबित था। उपाध्यक्ष ने प्रकरण में ‘पहले आओ पहले पाओ’ योजना के अंतर्गत फ्लैट समायोजित कराने का निर्णय लेते हुए आवंटी को सूचना प्रेषित करवायी।
इन प्रकरणों का हुआ निस्तारण
सिंगल टेबल क्लीयरेंस डे पर प्रस्तुत की गयी सभी लंबित फाइलों पर शत प्रतिशत कार्यवाही करते हुए कुल 106 फाइलों का निस्तारण किया गया। इसके अंतर्गत रिफंड के 19, रजिस्ट्री के 22, फ्री-होल्ड के 12 व नामांतरण की 53 पत्रावलियों का निस्तारण किया गया।
हाजिरी के लिए लगी नयी बायोमेट्रिक मशीन
एलडीए में अधिकारियों व कर्मचारियों की हाजिरी अब ऑटोमेटेड फेसियल रिकॉग्निशन सिस्टम से होगी। इसके लिए शनिवार को कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर नयी बायोमेट्रिक मशीन लगा दी गयी है। अधिष्ठान के प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि उपाध्यक्ष महोदय के निर्देशानुसार नयी अत्याधुनिक मशीनें लगवायी गयी हैं। यह मशीन चेहरे से कर्मचारी की पहचान करके सम्बंधित की हाजिरी दर्ज कर लेगी। इस क्रम में सभी कर्मचारियों को मशीन में अपने चेहरे की पहचान व आईडी अंकित करने के आदेश जारी किये गये हैं। अब से नयी मशीन से प्राप्त होने वाले उपस्थिति के रिकाॅर्ड के आधार पर ही वेतन आहरित किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
btnimage