नगर निगम मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस पर महापौर ने फहराया तिरंगा, स्वच्छता और सेवा का दिया संदेश
जरूरतमंद की मदद कर रात को संतोषपूर्वक सो पाएं, तो समझिए आप सही दिशा में हैं : नगर आयुक्त

लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2025 को नगर निगम लखनऊ मुख्यालय में भव्य ध्वजारोहण समारोह का आयोजन किया गया। लखनऊ नगर निगम की महापौर सुषमा खर्कवाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर पार्षद दल के उपनेता सुशील तिवारी ‘पम्मी’, पार्षदगण, नगर आयुक्त गौरव कुमार, सभी अपर नगर आयुक्त, नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।
समारोह की शुरुआत सुबह 8 बजे हुई। राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ पूरे परिसर में देशभक्ति की भावना चरम पर थी। कार्यक्रम में नगर निगम के कर्मचारियों और सांस्कृतिक दलों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत व प्रस्तुतियां देकर माहौल को और अधिक उत्सवमय बना दिया।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज हम भारत की आज़ादी के 79वें वर्ष का पावन पर्व मना रहे हैं। यह वह दिन है जब हम उन वीर सपूतों को नमन करते हैं जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर हमें स्वतंत्र भारत का सपना साकार किया। महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह, चंद्रशेखर आज़ाद और असंख्य क्रांतिकारियों का त्याग, बलिदान और संघर्ष हमारी प्रेरणा के स्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि यह हमें यह याद दिलाता है कि हमें अपनी आज़ादी की रक्षा, अपने संविधान का सम्मान और देश की प्रगति के लिए निरंतर प्रयास करना है।
मुझे गर्व है कि लखनऊ केवल तहज़ीब और संस्कृति का नहीं, बल्कि स्वच्छता और प्रगति का भी प्रतीक बन चुका है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में लखनऊ ने देश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है, जो हम सभी के सामूहिक प्रयास और भागीदारी का परिणाम है। लेकिन हमारा लक्ष्य है कि आने वाले वर्षों में लखनऊ पहले स्थान पर आए।
हाल ही में मुझे मलेशिया में आयोजित ASEAN 2025 सम्मेलन में लखनऊ नगर निगम की ओर से प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला, जहां हमारे शहर की शिक्षा, शोध और नवाचार की क्षमता को पूरी दुनिया के सामने प्रस्तुत किया गया। यह सम्मान पूरे लखनऊ और उत्तर प्रदेश का है।
आज हम संकल्प लें कि अपने शहर को साफ, हरा-भरा और सुंदर बनाएंगे, और मिलकर लखनऊ को देश का सबसे स्वच्छ, सबसे विकसित और सबसे खुशहाल शहर बनाएंगे। जय हिंद! जय भारत!”
महापौर ने यह भी कहा कि लखनऊ को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए हर व्यक्ति को अपने स्तर पर योगदान देना होगा। उन्होंने मलेशिया में अपनाई गई कुछ स्वच्छता तकनीकों का उल्लेख करते हुए कहा कि भविष्य में लखनऊ में भी ऐसे कई नवाचार लागू किए जाएंगे।
नगर आयुक्त गौरव कुमार ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा, “एक बात स्मरण रहे कि हम ऐसे पदों पर हैं, ऐसे स्थानों पर हैं, जहां हम किसी के जीवन में छोटा ही सही, पर एक महत्वपूर्ण बदलाव ला सकते हैं। अक्सर यह सवाल उठता है कि हम सही काम कर रहे हैं या नहीं। मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि अपने दिन के कार्यों में अगर आप किसी एक जरूरतमंद व्यक्ति की मदद कर पाए और रात को यह संतोष लेकर सोएं कि आपने किसी की वास्तविक मदद की, तो समझिए आप सही दिशा में हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि यह एक छोटा किन्तु सार्थक पैमाना है, जिसे हर अधिकारी और कर्मचारी को अपनाना चाहिए। आदेशों और निर्देशों के पालन के साथ-साथ संवेदनशील दृष्टिकोण रखना ही प्रशासनिक सेवा की आत्मा है। उन्होंने सभी को अपने कार्य में ईमानदारी और समर्पण बनाए रखने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। परिसर में तिरंगे और फूलों से सजी सजावट ने वातावरण को भव्यता प्रदान की।