एलडीए : अनंत नगर योजना में 332 भूखण्डों के लिए 8568 लोगों ने कराया पंजीकरण

785 एकड़ की इस आवासीय योजना में लगभग डेढ़ लाख लोगों को मिलेगा आशियाना

एलडीए की अनंत नगर आवासीय योजना को लेकर लोगों ने दिखाया जबरदस्त उत्साह

लखनऊ विकास प्राधिकरण की अनंत नगर (मोहन रोड) आवासीय योजना को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। योजना में द्वितीय चरण में 332 भूखण्डों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण खोला गया था। रविवार रात 12ः00 बजे पंजीकरण अवधि समाप्त होने तक 8,568 लोगों ने सफलतापूर्वक आवेदन करते हुए पंजीकरण कराया। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि लॉटरी के माध्यम से भूखण्डों का आवंटन किया जाएगा। पंजीकृत आवेदकों का परीक्षण कराने के बाद लॉटरी की तारीख जल्द ही घोषित की जाएगी।

एलडीए सचिव विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि अनंत नगर आवासीय योजना में भूखंडों के लिए 11, जुलाई 2025 से 10 अगस्त, 2025 के मध्य ऑनलाइन पंजीकरण खोला गया था। जिसे लोगों की मांग पर उपाध्यक्ष महोदय द्वारा 7 दिन के लिए बढ़ाते हुए 17 अगस्त, 2025 तक किया गया था। रविवार को पोर्टल बंद होने तक 8,568 लोगों ने पंजीकरण धनराशि जमा कराकर सफलतापूर्वक रजिस्ट्रेशन करा लिया।

अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि अनंत नगर योजना में 785 एकड़ के विशाल क्षेत्रफल में टाउनशिप विकसित की जा रही है। जिसमें लगभग डेढ़ लाख लोगों के आशियाने का सपना साकार होगा। इसमें लगभग 2100 आवासीय भूखण्ड व 120 व्यावसायिक भूखण्ड सृजित किये जाएंगे। जिससे लोगों को बेहतर आवासीय सुविधा के साथ व्यावसायिक सेवाओं का लाभ योजना में ही मिलेगा। इसके अलावा ग्रुप हाउसिंग के 60 भूखण्डों में 10,000 से अधिक फ्लैट्स निर्मित किये जाएंगे। ईडब्ल्यूएस व एलआईजी श्रेणी के 5 हजार भवनों में 25 हजार से अधिक लोगों को आवासीय सुविधा प्राप्त हो सकेगी। योजना में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत भी भवनों का निर्माण किया जाएगा।

योजना का विकास अंतरराष्ट्रीय मानकों के अंतर्गत ग्रिड पैटर्न पर किया जा रहा है। जिसमें चौड़ी सड़कों के साथ निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए भूमिगत केबल बिछायी जाएंगी। योजना में एडुटेक सिटी विकसित की जाएगी, जहां लगभग 10,000 छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं फैकल्टी के सदस्यों के लिए हॉस्टल व आवासीय भवन बनाए जाएंगे। साथ ही लगभग 130 एकड़ भूमि में पार्कों व ग्रीन स्पेस का विकास किया जाएगा, जोकि योजना को पर्यावरण के अनुकूल एक हरा-भरा क्षेत्र बनाएगा।

Related Articles

Back to top button
btnimage