प्रवर्तन जोन 4: सैरपुर में 02 अवैध प्लाटिंग पर एलडीए ने चलाया बुलडोजर

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-4 की टीम ने की कार्रवाई

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शहर में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ लगातार चलाये जा रहे अभियान के क्रम में सोमवार को प्रवर्तन जोन-4 की टीम ने सैरपुर में कार्रवाई की। इस दौरान 02 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।

प्रवर्तन जोन-4 की जोनल अधिकारी संगीता राघव ने बताया कि नीरज रावत व अन्य द्वारा सैरपुर थानाक्षेत्र के ग्राम-कोडरी भौली में लगभग 02 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा था। इसी तरह सर्वेश यादव, नीरज रावत व अन्य द्वारा ग्राम-कोडरी भौली में लगभग 02 बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी।

प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इन दोनों अवैध प्लाटिंग के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किये गये थे।

जिसके अनुपालन में प्रवर्तन टीम ने निजी डेवलपर्स द्वारा स्थल पर अवैध तरीके से विकसित की गयी सड़क, नाली, बाउन्ड्रीवॉल व भूखण्डों के डिमार्केशन के लिए ईंटों से किये गये चिनाई आदि के कार्य को ध्वस्त कर दिया।

Related Articles

Back to top button
btnimage