अवैध अतिक्रमण और प्रतिबंधित प्लास्टिक पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई

लखनऊ। नगर निगम लखनऊ ने शहर में लगातार बढ़ते अवैध अतिक्रमण और यातायात अवरोधों पर सख्ती दिखाते हुए सोमवार को एक सघन और बहुस्तरीय अभियान चलाया। यह कार्रवाई महापौर सुषमा खर्कवाल के निर्देश और नगर आयुक्त गौरव कुमार के आदेश पर की गई। अभियान का उद्देश्य प्रमुख सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कर नागरिकों को सुगम और सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराना था।
जोन-02 में सख्त कार्रवाई
जोन-2 के अंतर्गत ई ब्लॉक मार्केट राजाजीपुरम और नाका सब्जी मंडी रोड पर अभियान चलाया गया। इस दौरान अतिक्रमण/गंदगी से संबंधित 23 चालान कर 20,800 रुपये वसूले गए, वहीं प्रतिबंधित प्लास्टिक के 10 चालान कर 13,700 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस कार्रवाई का नेतृत्व जोनल अधिकारी जोन-2 शिल्पा कुमारी ने किया। उनके साथ जोनल सेनेटरी अधिकारी राम सकल यादव, एसएफआई सचिन प्रकाश सक्सेना और एसएफआई राजेश कुशवाहा भी शामिल रहे।
जोन-03 में फुटपाथों से हटे कब्जे
जोन-03 क्षेत्र में राम-राम बैंक चौराहे से इंजीनियरिंग कॉलेज वर्मा पेट्रोल पंप तक और आदर्श परिसर के चारों तरफ अभियान चलाया गया। इस दौरान सात घूमंतू ठेले, 12 काउंटर, 12 बेंच, एक टब, छह बोर्ड, दो दीवारें और दो अस्थाई दुकानें हटाई गईं। साथ ही गंदगी फैलाने वालों पर ₹11,000 का जुर्माना भी लगाया गया। इस कार्रवाई का नेतृत्व जोनल अधिकारी जोन-03 अमरजीत यादव ने किया। उनके साथ कर अधीक्षक, खाद्य निरीक्षक और 296 टीम मौजूद रही।
जोन-06 में हटाई गईं 20 अस्थाई दुकानें
जोन-06 क्षेत्र के वार्ड आचार्य नरेंद्र देव में कोनेश्वर चौराहे से टीवी अस्पताल तक अतिक्रमण विरोधी और पॉलिथिन विरोधी अभियान चलाया गया। इस दौरान 25 ठेले, 20 अस्थाई दुकानों को हटाया गया। साथ ही चार तराजू, तीन प्लास्टिक की कुर्सियां, दो लोहे के स्टूल और तीन छाते जब्त किए गए। अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी गई कि वे भविष्य में दोबारा कब्जा न करें। इस अभियान में ₹2,000 का जुर्माना वसूला गया और क्षेत्रीय थानाध्यक्ष को पत्र भेजकर अतिक्रमण रोकने का निर्देश दिया गया। अभियान का नेतृत्व जोनल अधिकारी मनोज यादव ने किया। उनके साथ कर अधीक्षक विजय शंकर, खाद्य निरीक्षक आर.सी. यादव, रामजी पांडेय और कर निरीक्षक धर्मदेव मौजूद रहे।
निगम की अपील
नगर निगम प्रशासन ने कहा है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण न करें और प्रतिबंधित प्लास्टिक का प्रयोग पूरी तरह बंद करें। निगम ने चेतावनी दी कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।