लोक निर्माण राज्य मंत्री ने उ0प्र0 राजकीय निर्माण निगम के कार्यों की समीक्षा बैठक की

निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति बढाते हुए जल्द से जल्द पूर्ण कराया जाए इसके लिये नियमित समीक्षा भी की जाए- लोनिवि राज्य मंत्री, बृजेश सिंह

निगम द्वारा कराए जा रहे निर्माणाधीन कार्यों को गुणवत्ता सुनिश्चित कराते हुए निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करायें

पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं को जल्द से जल्द संबंधित विभागों को हैण्डओवर किया जाए

वर्तमान में निगम द्वारा विभिन्न 96 विभागों की रू0 19288 करोड़ लागत की 1029 परियोजनाएँ निर्माणाधीन

निगम द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 में विभिन्न 34 विभागों की रू0 4613 करोड़ लागत की 411 परियोजनाएँ पूर्ण करायी गयी है

उत्तर प्रदेश के लोक निर्माण राज्य मंत्री बृजेश सिंह ने निर्माण निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाये तथा अवशेष कार्यों को तीव्र गति से कराते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाये। निगम का टर्नओवर बढाये जाने हेतु कार्य अर्जन पर विशेष ध्यान दिया जाये ताकि निगम की पुरानी ख्याती पुनः वापस आ सके।

लोक निर्माण राज्य मंत्री बृजेश सिंह ने यह निर्देश उ0प्र0 राजकीय निर्माण निगम के मुख्यालय स्थित सभागार में निगम अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में दिए। इस अवसर उन्होंने निर्माण निगम द्वारा निगम द्वारा कराए जा रहे कार्यों की अद्यतन स्थिति जानकारी ली और कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित कराने हेतु विभिन्न स्तर पर चेकिंग के निर्देश दिए।

लोक निर्माण राज्य मंत्री ने निर्देश दिया कि निगम द्वारा कराए जा रहे कार्यों में किसी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, किसी स्तर पर कोई अनियमितता पाए जाने पर संबंधित की जवाबदेही तय करते हुए कार्यवाही भी की जाएगी। उन्होंने निर्माण निगम की निर्माणाधीन परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई इस संबंध में उन्होंने निर्देश दिया कि निगम कार्यों में पारदर्शिता व गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए निर्धारित समय सीमा में कार्यो को पूर्ण कराया जाए।

लोक निर्माण राज्य मंत्री ने निर्देश दिया कि निगम द्वारा जिन परियोजनाओं को पूर्ण किया जा चुका है, उन परियोजनाओं को जल्द से जल्द संबंधित विभागों को हैण्डओवर किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं की प्रगति 75 प्रतिशत से ऊपर है उनको शीघ्र पूर्ण कर सम्बन्धित विभाग को हस्तगत करते हुए जनोपयोगी बनाया जाये। जिन कार्यों की प्रगति 50प्रतिशत से कम है उनकी प्रगति बढाते हुए नियमित समीक्षा की जाये।

बैठक में अवगत कराया गया कि निगम में कुल 15 अंचल कार्यरत है जिनके अन्तर्गत 67 इकाईयाँ विभिन्न जनपदों में कार्य कर रही है। निगम द्वारा विभिन्न 96 विभागों की रू0 19288 करोड़ लागत की 1029 परियोजनाएँ निर्माणाधीन है जिसमें प्रदेश के अन्दर 56 विभागों की रू0 13447 करोड़ लागत की 828 परियोजनाएँ तथा प्रदेश के बाहर अन्य राज्यों में 46 विभागों की रू0 5841 करोड़ लागत की 201 परियोजनाएँ निर्माणाधीन है। निगम द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 में विभिन्न 34 विभागों की रू0 4613 करोड़ लागत की 411 परियोजनाएँ पूर्ण करायी गयी है।

बैठक में प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग अजय चौहान, लोनिवि के प्रमुख अभियंता (परिकल्प एवं नियोजन) श्रीराज, प्रमुख अभियंता ग्रामीण सड़क ए0के0 द्विवेदी, एमडी राजकीय निर्माण निगम विजय कन्नौजिया के साथ निर्माण निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage