चिनहट व काकोरी में 15 अवैध प्लाटिंग पर गरजा एलडीए का बुलडोजर
उर्मिला सिटी व विंध्यवासिनी कालोनी समेत 155 बीघा क्षेत्रफल में अवैध प्लाटिंग ध्वस्त

गोमती नगर विस्तार में अवैध मैरिज लॉन व 01 व्यावसायिक भवन सील
लखनऊ विकास प्राधिकरण ने मंगलवार को चिनहट व काकोरी में अभियान चलाकर एक साथ 15 अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया। दिन भर चली कार्रवाई के दौरान उर्मिला सिटी व विंध्यवासिनी कालोनी समेत 155 बीघा क्षेत्रफल में किये गये अवैध विकास कार्यों को ध्वस्त किया गया। वहीं, गोमती नगर विस्तार में अवैध मैरिज लॉन व 01 अवैध व्यावसायिक निर्माण सील किया गया।
प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि चिनहट के जुग्गौर में 45 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से विकसित की जा रही उर्मिला सिटी व विंध्यवासिनी कालोनी को ध्वस्त किया गया। इसी तरह प्रदीप पाठक, सुनील यादव, शिव शक्ति यादव, मधुरेश श्रीवास्तव व अन्य द्वारा लगभग 35 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 04 अन्य अवैध प्लाटिंग पर भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गयी। इसके अलावा गोमती नगर विस्तार के खरगापुर में अभिषेक यादव द्वारा लगभग 1000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में निर्मित किये जा रहे आमंत्रण मैरिज लॉन व अनुराग वर्मा द्वारा छोटा भरवारा में लगभग 300 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर किये जा रहे 01 व्यावसायिक निर्माण को सील किया गया।
प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह ने बताया कि काकोरी के बरागांव में अभियान चलाया गया। इस दौरान अवधेश कुमार, देवऋषि, अमित राजपूत, मोहम्मद जब्बार, रामाश्रय विलेश्वर, मिठाई लाल यादव, राजावंत स्टेट के प्रबंधक व अन्य द्वारा लगभग 75 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 09 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।








