एलडीए ! बहुत इंतजार किया….अब होगा हमारी खुशियों का गृह प्रवेश

एलडीए की अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम ‘अटल नगर योजना’ के भवनों की लॉटरी का इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में हुआ आयोजन

पारदर्शी प्रक्रिया से भवनों का आवंटन होने पर खिले लोगों के चेहरे, अब 9 जनवरी को होगी 02 बीएचके भवनों की लॉटरी

शहर में अपना मकान हो, इसके लिए लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। एलडीए ने अटल नगर योजना में अफोर्डेबल फ्लैट्स लांच किये तो आवेदन कर दिया। सोचा नहीं था, लेकिन पहली ही बार में मेरा नाम आ गया। अब नये घर में हमारी खुशियों का गृह प्रवेश होगा। प्रयागराज निवासी विपिन कुमार साहू को लॉटरी से भवन का आवंटन हुआ तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने एलडीए का दिल से आभार व्यक्त किया।

देवपुर पारा स्थित अटल नगर आवासीय योजना के 01 बीएचके के 1665 भवनों का गुरूवार को लॉटरी से आवंटन किया गया। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मर्करी हॉल में हुयी लॉटरी में आवेदकों के हाथों से ही लॉटरी ड्रा की पर्चियां निकलवायी गयीं। अपने नाम की पर्ची खुलते ही किसी का चेहरा खिल उठा तो किसी की आंखों में खुशी के आंसू छलक आये। अब 9 जनवरी को 02 बीएचके के भवनों की लॉटरी होगी।

एलडीए के अपर सचिव सी0पी0 त्रिपाठी ने बताया कि देवपुर पारा में लांच की गयी अटल नगर आवासीय योजना में 12 से लेकर 19 मंजिल के 15 टावरों में कुल 2,496 फ्लैट्स हैं। इसमें से 1,832 भवन 01 बीएचके और 664 भवन 02 बीएचके के हैं। ये भवन 30 वर्गमीटर से लेकर 54.95 वर्गमीटर क्षेत्रफल के हैं, जिनकी कीमत 9.82 लाख रूपये से शुरू है। एलडीए ने इस अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम में लिफ्ट के साथ स्वच्छ जल एवं विद्युत आपूर्ति, पावर बैकअप, सुरक्षा व्यवस्था, ग्रीन एवं किड्स प्ले एरिया व पार्किंग की सुविधा का प्रावधान किया है।

यू-ट्यूब पर लॉटरी का लाइव प्रसारण

अटल नगर योजना के भवनों के लिए 4 अक्टूबर से 2 दिसम्बर, 2025 के मध्य ऑनलाइन पंजीकरण खोला गया था। जिसमें कुल 5,781 लोगों ने पंजीकरण कराया है। गुरूवार को लॉटरी के पहले दिन 01 बीएचके के 1665 भवनों का लकी ड्रा खोला गया। जिसमें खुले मंच पर आवेदकों को बुलाकर उन्हीं के हाथों से लॉटरी ड्रा की पर्चियां निकलवायी गयी। साथ ही साथ पूरी प्रक्रिया का यू-ट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारण भी किया गया।

एलडीए की पारदर्शी प्रक्रिया को सबने सराहा

एलडीए ने जिस पारदर्शिता के साथ भवनों की लॉटरी करायी, उसकी सबने जमकर सराहना की। लॉटरी में सफल रहे गिरिजेश कुमार शर्मा, मोहम्मद आसिफ खान, प्रशांत विश्वकर्मा ने बताया कि पूरी व्यवस्था बहुत अच्छी थी। कई आवेदक ऐसे थे, जो यू-ट्यूब पर लाइव प्रसारण में अपना नाम देखकर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचे। लॉटरी में भवन पाने वाली प्रिया वर्मा ने कहा कि.. मैं बहुत खुश हूं, एलडीए की शुक्र गुजार रहूंगी। इसी तरह सुरेन्द्र चौहान, अब्दुल सलाम समेत अन्य लोगों ने भी एलडीए को धन्यवाद दिया।

कम बजट में, इससे अच्छे फ्लैट नहीं मिलेंगे

सफल आवंटी कन्हैया वर्मा ने बताया कि वह आवेदन करने से पहले योजना में फ्लैट देखने गये थे। उनके अनुसार इतने कम बजट में, इतने अच्छे फ्लैट नहीं मिल सकते। इसी तरह सफल आवंटी प्रशांत राघव ने भी योजना में बने भवनों की तारीफ की और एलडीए को बधाई दी।

Related Articles

Back to top button
btnimage