एलडीए की आई0टी0 सिटी योजना 20 फरवरी को होगी लांच : उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार

लैंड पूलिंग नीति के तहत योजना के लिए जमीन देने वाले किसानों को लॉटरी से आवंटित किये जाएंगे विकसित भूखण्ड

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मर्करी हॉल में होगा लॉटरी का आयोजन, 288 से 35 वर्गमीटर क्षेत्रफल के होंगे भूखण्ड

लखनऊ विकास प्राधिकरण की आई0टी0 सिटी योजना 20 फरवरी, 2026 को लांच होगी। इसमें सबसे पहले उन भू-स्वामियों को भूखण्ड आवंटित किये जाएंगे, जिन्होंने लैंड पूलिंग नीति के तहत योजना के लिए अपनी भूमि निःशुल्क दी है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बुधवार को बैठक करके इस बाबत आदेश जारी कर दिये हैं। प्रथम चरण में 288 से 35 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड लांच किये जा रहे हैं।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि सुल्तानपुर रोड पर 3490 एकड़ क्षेत्रफल में आई0टी0 सिटी योजना का विकास किया जा रहा है। जिसके लिए मोहनलालगंज तहसील के ग्राम-बक्कास, सोनई कंजेहरा, सिकन्दरपुर अमोलिया, सिद्धपुरा, परेहटा, पहाड़नगर टिकरिया, रकीबाबाद, मोहारी खुर्द, मोहारी कला, खुजौली और भटवारा की जमीन ली जा रही है। प्राधिकरण बोर्ड के निर्णय के अनुसार लैंड पूलिंग, भूमि अर्जन, आपसी सहमति से क्रय के आधार पर भूमि जुटाव का कार्य किया जा रहा है।

इन 04 सेक्टरों में आवंटित होंगे भूखण्ड

उपाध्यक्ष ने बताया कि 27 जनवरी, 2026 तक जिन भू-स्वामियों के लैंड पूलिंग के एग्रीमेंट निष्पादित होंगे। उन सभी को लॉटरी के माध्यम से योजना में ही निःशुल्क विकसित भूखण्ड आवंटित किये जाएंगे। इसके लिए योजना के सेक्टर-15, 16, 17 एवं 18 में भूखण्ड नियोजित किये जा रहे हैं। आगामी 20 फरवरी को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मर्करी हॉल में भू-स्वामियों की उपस्थिति में लॉटरी ड्रा का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभी तक 275 भू-स्वामियों ने लैंड पूलिंग नीति के तहत अपनी लगभग 125 एकड़ भूमि का एग्रीमेंट किया है। इसके अलावा 150 एकड़ से अधिक भूमि के अनुबंध के प्रस्ताव प्रक्रिया में हैं।

288 से 35 वर्गमीटर तक के होंगे भूखण्ड

आई0टी0 सिटी योजना अपनी सर्वाेत्तम रोड कनेक्टिविटी के कारण लोगों के लिए काफी उपयोगी बनेगी। योजना में 288 वर्गमीटर से 35 वर्गमीटर क्षेत्रफल के आवासीय भूखण्ड नियोजित किये जा रहे हैं। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि लैंड पूलिंग करने वाले भू-स्वामियों को भूखण्ड आवंटित करने के बाद आम लोगों के लिए भूखण्डों का पंजीकरण खोला जाएगा। भूखण्डों की कीमत लगभग 4,000 रूपये प्रति वर्गफिट प्रस्तावित है।

Related Articles

Back to top button
btnimage