आगरा एक्सप्रेस-वे पर उद्योग नगर, बी0के0टी0 में नैमिष नगर बसाएगा एलडीए

सचिव, आवास एवं शहरी नियोजन विभाग डॉ0 बलकार सिंह की अध्यक्षता में हुयी बैठक में दोनों आवासीय योजना का दिया गया प्रेजेन्टेशन

3 लाख से अधिक लोगों को मिलेगी आवासीय सुविधा, राजधानी में उद्योग, स्वास्थ्य, शिक्षा व लॉजिस्टिक सेक्टर का होगा विकास
लखनऊ में आगरा एक्सप्रेस-वे पर उद्योग नगर और बी0के0टी0 में नैमिष नगर बसेगा। यह दोनों आवासीय योजनाएं लखनऊ विकास प्राधिकरण विकसित करेगा। सचिव, आवास एवं शहरी नियोजन विभाग डॉ0 बलकार सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को आवास एवं विकास परिषद सभागार में हुयी एक महत्वपूर्ण बैठक में इन दोनों योजनाओं का प्रेजेन्टेशन दिया गया।
बैठक में एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि आगरा एक्सप्रेस-वे पर 5610 एकड़ क्षेत्रफल में उद्योग नगर विकसित किया जाएगा। जिसके लिए सदर व सरोजनीनगर तहसील के ग्राम-भलिया, आदमपुर इन्दवारा, बहरू, जलियामऊ एवं मदारपुर, इब्राहिमगंज, नकटौरा, गहलवारा, तेजकृष्ण खेड़ा, रेवरी, सकरा एवं दोना की भूमि चिन्हित की गयी है। इसी तरह बी0के0टी0 में सीतापुर, रैथा रोड पर लगभग 2504 एकड़ क्षेत्रफल में नैमिष नगर विकसित किया जाएगा। जिसके लिए बी0के0टी0 तहसील के ग्राम-भौली, लक्ष्मीपुर, पूरब गांव, पुरवा, सैरपुर, फरूखाबाद, कोड़री भौली, कमलाबाद, कमलापुर, पलहरी, गोपरामऊ, बारूमऊ, धतिंगरा व सैदापुर की भूमि चिन्हित की गयी है।
इन दोनों आवासीय योजनाओं में तीन लाख से अधिक लोगों को आवासीय सुविधा मिलेगी। साथ ही उद्योग, स्वास्थ्य, शिक्षा व लॉजिस्टिक क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास होगा। इन योजनाओं से राजधानी में बड़ा निवेश आएगा और बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर सृजित होंगे। मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के अंतर्गत प्रस्तावित इन दोनों योजनाओं की सचिव, आवास एवं शहरी नियोजन विभाग डॉ0 बलकार सिंह द्वारा गहन समीक्षा की गयी। उन्होंने निर्देश दिये कि एक सप्ताह के अंदर नयी योजनाओं का पुनः परीक्षण कराकर विस्तृत कार्य योजना प्रस्तुत की जाए। जिससे कि इन दोनों योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना से सीड कैपिटल धनराशि स्वीकृत करायी जा सके।
इस मौके पर सचिव डॉ0 बलकार सिंह द्वारा मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के अंतर्गत स्वीकृत प्राधिकरण की आई0टी0 सिटी एवं वेलनेस सिटी की प्रगति की भी समीक्षा की गयी। अवगत कराया गया कि दोनों योजनाओं के लिए भूमि जुटाव का कार्य तेजी से किया जा रहा है। जिसके तहत लैंड पूलिंग के माध्यम से 500 बीघा से अधिक भूमि के प्रस्ताव प्राप्त किये जा चुके हैं। स्थल पर साइट ऑफिस आदि के विकास का कार्य भी प्रगति पर है।
बैठक में मुख्य नगर एवं ग्राम नियोजक अनिल कुमार मिश्रा, आवास बन्धु निदेशक रवि जैन, प्राधिकरण के अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा, मुख्य नगर नियोजक के0के0 गौतम, वित्त नियंत्रक दीपक सिंह व संयुक्त सचिव सुशील प्रताप सिंह समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage