एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने किया वेलनेस सिटी योजना के स्थल का निरीक्षण

लैंड पूलिंग नीति के तहत काश्तकारों को निःशुल्क दी जाएगी जमीन

भूमि एग्रीमेंट को लेकर दिया जोर, वेलनेस सिटी के लिए लगाये जायेंगे कैंप

लखनऊ विकास प्राधिकरण शहर के भविष्य को आकार देने के लिए बड़े पैमाने पर नियोजित विकास कर रहा है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मंगलवार को मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत प्रस्तावित वेलनेस सिटी योजना का निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति देखी। इस दौरान उन्होंने योजना के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

काश्तकारों को निःशुल्क जमीन, साइट ऑफिस पर लगेंगे विशेष कैंप

लैंड पूलिंग नीति के अंतर्गत योजना के लिए जिन काश्तकारों की भूमि ली जा रही है, उन्हें वेलनेस सिटी योजना में निःशुल्क भूमि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा, काश्तकारों को योजना की जानकारी देने तथा लैंड पूलिंग प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए साइट ऑफिस पर विशेष कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए गए। उपाध्यक्ष ने कहा कि अर्जन अनुभाग के अधिकारी नियमित रूप से साइट ऑफिस में बैठकर काश्तकारों की समस्याओं का समाधान करें और भूमि एग्रीमेंट की प्रक्रिया को तेज करें।

50% भूमि का अधिग्रहण, सभी दस्तावेजों की पूरी जांच

उपाध्यक्ष ने लैंड पूलिंग नीति के तहत 50% भूमि की सहमति/अधिग्रहण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि योजना का कार्य शीघ्र प्रारम्भ किया जा सके। जिन गांवों में अभी तक भूमि एग्रीमेंट नहीं हुए हैं, उनकी पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर एग्रीमेंट कराने को कहा गया। वेलनेस सिटी योजना के अंतर्गत लॉटरी से पहले सभी दस्तावेजों की पूरी तरह जांच करने के निर्देश दिए गए, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की समस्या न आए।

1197 एकड़ में प्रस्तावित है वेलनेस सिटी

सुलतानपुर रोड पर लगभग 1197 एकड़ क्षेत्रफल में वेलनेस सिटी योजना प्रस्तावित है, जिसके लिए भूमि क्रय, लैंड पूलिंग और अर्जन के माध्यम से भूमि जुटाई जा रही है। एलडीए का लक्ष्य है कि वर्ष 2026 में ही योजना को लॉन्च कर लॉटरी के माध्यम से भूखण्डों का आवंटन किया जाए।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी अधिकारी – अर्जन संगीता राघव, मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, अधीक्षण अभियंता नवनीत शर्मा, जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी, अधिशासी अभियंता मनोज सागर एवं अजीत सिंह सहित अन्य अधिकारी व अभियंता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage