एलडीए ने आशियाना, कृष्णानगर और गोसाईंगंज में 03 अवैध निर्माण सील किये

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने की कार्रवाई

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के क्रम में सोमवार को प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने आशियाना, कृष्णानगर और गोसाईंगंज क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना किये जा रहे 03 अवैध निर्माण सील किये गये।

प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि गोसाईंगंज के खुजौली में न्यू जेल रोड पर राकेश यादव व अन्य द्वारा लगभग 250 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर व्यावसायिक भवन का निर्माण कराया जा रहा था। इसी तरह कृष्णानगर के बल्दीखेड़ा में शुभम पैलेस के पास मंजीत सिंह द्वारा लगभग 600 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर व्यावसायिक कॉम्पलेक्स का निर्माण कराया जा रहा था।

वहीं, आशियाना के औरंगाबाद जागीर में शहीद पथ के किनारे बी0के0 शर्मा व अन्य द्वारा लगभग 300 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर भवन का निर्माण कराया जा रहा था।

अवैध रूप से किये जा रहे इन निर्माण कार्यों के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए सीलिंग के आदेश पारित किये गये थे। जिसके अनुपालन में प्रवर्तन टीम ने सोमवार को स्थल पर कार्रवाई करते हुए तीनों अवैध निर्माणों को सील कर दिया।

Related Articles

Back to top button
btnimage