किसान पथ के किनारे की जा रही अवैध प्लाटिंग को एलडीए ने किया ध्वस्त

  • लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने की कार्यवाही

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अवैध निर्माण/प्लाटिंग के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में बुधवार को प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने किसान पथ के किनारे की जा रही एक अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की।

प्रवर्तन जोन-2 की जोनल अधिकारी प्रिया सिंह ने बताया कि विनय पाण्डेय, भोला नाथ मिश्रा, के0के0 द्विवेदी व अन्य द्वारा मोहनलालगंज थानाक्षेत्र के अंतर्गत किसान पथ के किनारे ग्राम-पूरनपुर में लगभग 05 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए कालोनी विकसित की जा रही थी। प्राधिकरण से तलपट मानचित्र स्वीकृत कराये बिना की जा रही इस अवैध प्लाटिंग के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किये गये थे।

उक्त आदेश के अनुपालन में आज सहायक अभियंता वाई0पी0 सिंह के नेतृत्व में अवर अभियंता नागेन्द्र मिश्रा व उस्मान अली द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही करायी गयी। इस दौरान स्थल पर विकसित सड़कें, नाली, बाउन्ड्रीवॉल व खम्भे आदि को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button
btnimage