एलडीए : सैरपुर में 02 अवैध प्लाटिंग ध्वस्त, गोसाईंगंज में व्यावसायिक कॉम्पलेक्स सील
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-1 एवं जोन-4 की टीम ने की कार्रवाई

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शहर में अवैध निर्माण व प्लाटिंग के खिलाफ लगातार चलाये जा रहे अभियान के क्रम में सोमवार को प्रवर्तन टीम ने सैरपुर में कार्रवाई करते हुए 02 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया। वहीं, गोसाईंगंज के दुलारमऊ में एक अवैध व्यावसायिक निर्माण सील किया गया।
प्रवर्तन जोन-4 की जोनल अधिकारी वन्दना पाण्डेय ने बताया कि बलराम रावत, राजकिशोर चौबे व अन्य द्वारा सैरपुर के घुवैला कमलाबाद में लगभग 02 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा था। इसी तरह राजेश रावत व अन्य द्वारा कमलाबाद में लगभग 02 बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी। प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इन दोनों अवैध प्लाटिंग को प्रवर्तन टीम द्वारा पुलिस बल के सहयोग से ध्वस्त कर दिया गया।

प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि राकेश सिंह, प्रशांत सिंह व अन्य द्वारा गोसाईंगंज के दुलारमऊ में किसान पथ के पास लगभग 300 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर अवैध रूप से व्यावसायिक कॉम्पलेक्स का निर्माण कराया जा रहा है।

जिसे विहित न्यायालय के आदेश के अनुपालन में पूर्व में सील किया गया था। वर्तमान में विपक्षी द्वारा सील तोड़कर बिल्डिंग में निर्माण/फिनिशिंग का कार्य कराया जा रहा था। स्थल निरीक्षण में मामला उजागर होने पर प्रवर्तन टीम द्वारा बिल्डिंग को पुनः सील कर दिया गया।








