छठ पूजा के दौरान घाटों पर स्वच्छता, सुरक्षा व प्रकाश की व्यवस्था करायी जाए सुनिश्चित: एस.पी.गोयल

मुख्य सचिव एवं पुलिस महानिदेशक ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी मण्डलायुक्तों, जिलाधिकारियों एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर छठ पूजा एवं पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की और दिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को दी जाए सर्वोच्च प्राथमिकता

पूजा के दौरान नदियों, तालाबों और जलस्रोतों का जल रखा जाए स्वच्छ

भीड़ प्रबंधन के लिए किए जाएं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

प्रमुख पूजा स्थलों पर पर्याप्त पार्किंग, मोबाइल टॉयलेट, और चेंजिंग रूम की रहे व्यवस्था

कम्प्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए पद की भर्ती परीक्षा 01 नवम्बरको तथा पुलिस उपनिरीक्षक (गोपनीय), पुलिस सहायक उपनिरीक्षक (लिपिक) और पुलिस सहायक उपनिरीक्षक (लेखा) के पदों की भर्ती परीक्षा 02 नवम्बर को प्रदेश के 10 जनपदों में होगी आयोजित

निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया उत्तर प्रदेश की नई पहचान

पूर्व की भांति प्रस्तावित परीक्षाओं को निष्पक्ष, नकलविहीन और पूर्ण पारदर्शिता के साथ कराया जाए संपन्न: एस.पी.गोयल, मुख्य सचिव

अप्रिय घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पिछली घटनाओं का किया जाए विश्लेषण

प्रमुख पूजा स्थलों के साथ-साथ छोटे पूजा स्थलों पर सुरक्षा के किए जाएं समुचित प्रबंध

छेड़खानी और दुर्व्यवहार की शिकायतों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एंटी-रोमियो स्क्वॉड को वर्दी और सादी वर्दी में किया जाए तैनात: राजीव कृष्ण, पुलिस महानिदेशक

मुख्य सचिव एस.पी.गोयल एवं पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी मण्डलायुक्तों, जिलाधिकारियों एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर छठ पूजा एवं पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अपने संबोधन में मुख्य सचिव ने छठ पूजा के दौरान घाटों पर स्वच्छता, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और जलस्रोतों की सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि यह पर्व शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो।

उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान नदियों, तालाबों और जलस्रोतों का जल स्वच्छ रखा जाए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। भीड़ प्रबंधन के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। प्रमुख पूजा स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे व पब्लिक एड्रेस सिस्टम, कंट्रोल रूम और खोया-पाया केंद्र की स्थापना की जाए।

उन्होंने कहा कि अधिकारियों द्वारा चिन्हित सभी प्रमुख पूजा स्थलों का भ्रमण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करायी जाएं। पूजा स्थलों पर पर्याप्त पार्किंग, मोबाइल टॉयलेट, और चेंजिंग रूम की व्यवस्था रहे। सुरक्षा के दृष्टिकोण से घाटों पर पुलिस, पीएसी, एनडीआरएफ, गोताखोर, मोटरबोट और स्वयंसेवकों की तैनाती के साथ-साथ आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग करने, अग्निशमन व्यवस्था और एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करायी जाए।

उन्होंने आतिशबाजी को जनमानस से दूर रखने और बेहतर सफाई व्यवस्था के लिए पर्याप्त सफाई कर्मियों की तैनाती करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए।

यह भी कहा कि घाटों के आसपास मोबाइल टॉयलेट, चेंजिंग रूम, और कूड़ेदान की पर्याप्त व्यवस्था के साथ-साथ आवारा जानवरों पर नियंत्रण और पूजा स्थलों व पहुंच मार्गों पर सभी स्ट्रीट लाइट्स को क्रियाशील रखा जाए।

पुलिस भर्ती परीक्षा के संबंध में मुख्य सचिव ने बताया कि कम्प्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए पद के 1129 पदों की भर्ती परीक्षा 01 नवम्बर, 2025 को, तथा पुलिस उपनिरीक्षक (गोपनीय), पुलिस सहायक उपनिरीक्षक (लिपिक) और पुलिस सहायक उपनिरीक्षक (लेखा) के 921 पदों की भर्ती परीक्षा 02 नवम्बर, 2025 को प्रदेश के 10 जनपदों—आगरा, बरेली, मेरठ, मुरादाबाद, कानपुर नगर, लखनऊ, गोरखपुर, झांसी, प्रयागराज और वाराणसी में आयोजित होगी।

मुख्य सचिव ने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया उत्तर प्रदेश की नई पहचान बन गई है, इसे आगे भी बनाए रखा जाए। पूर्व की भांति प्रस्तावित परीक्षाओं को निष्पक्ष, नकलविहीन और पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाए। ट्रेजरी में परीक्षा सामग्री के रख-रखाव की तैयारी समय से पूरी की जाए। ट्रेजरी और सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रखे जाएं। सही प्रश्न-पत्र परीक्षा केंद्रों पर समय से पहुंचे, इसके लिए विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर तलाशी के लिए पर्याप्त संख्या में महिला और पुरुष कर्मियों की तैनाती की जाए। अभ्यर्थियों को केवल आईकार्ड, एडमिट कार्ड और पेन के अतिरिक्त किसी अन्य सामग्री को ले जाने की अनुमति न दी जाए। सोशल मीडिया विशेष निगरानी रखी जाए। परीक्षा से जुड़े सभी कर्मियों की विधिवत ब्रीफिंग समय से हो जाए। सभी केन्द्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए।

बैठक में बताया गया कि केंद्र व्यवस्थापक, सहायक केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और कार्यदायी संस्था के प्रभारी को कंट्रोल रूम में मोबाइल फोन के उपयोग को छोड़कर किसी भी कर्मी को मोबाइल फोन या इलेक्ट्रॉनिक गैजेट के इस्तेमाल की अनुमति नहीं होगी।

पुलिस महानिदेशक ने कहा कि छठ पर्व की तैयारियों के दौरान पिछली घटनाओं का विश्लेषण कर लिया जाए ताकि अप्रिय घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। प्रमुख पूजा स्थलों के साथ-साथ छोटे पूजा स्थलों पर भी सुरक्षा सहित सभी समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

उन्होंने छेड़खानी और दुर्व्यवहार की शिकायतों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एंटी-रोमियो स्क्वॉड को वर्दी और सादी वर्दी में तैनात करने के निर्देश दिए। साथ ही, घाटों पर फिसलन वाले स्थानों पर आवश्यक व्यवस्थाएं करने के आदेश दिए ताकि श्रद्धालुओं को फिसलने से बचाया जा सके।

बैठक में शासन की तरफ से प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद, प्रमुख सचिव नगर विकास श्री पी0गुरुप्रसाद, सचिव नगर विकास अनुज कुमार झा तथा पुलिस विभाग की ओर से पुलिस महानिदेशक पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड एस.बी. शिरडकर, एडीजी एलओ अमिताभ यश सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
btnimage