मुख्य सचिव एस.पी.गोयल ने उत्तर प्रदेश दिवस-2026 की तैयारियों की उच्च स्तरीय समीक्षा की
राज्य एवं जनपद स्तर पर यूपी दिवस कार्यक्रमों का भव्य आयोजन हो सुनिश्चित : एस.पी.गोयल, मुख्य सचिव

मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने उत्तर प्रदेश दिवस-2026 के आयोजन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में राज्य स्तरीय एवं जनपद स्तरीय कार्यक्रमों की रूपरेखा, थीम, प्रदर्शनियों, सम्मान समारोहों एवं अन्य गतिविधियों पर गहन चर्चा हुई।
अपने संबोधन में मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस-2026 के अवसर पर दिनांक 24 से 26 जनवरी, 2026 तक विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस वर्ष की थीम ‘विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश’ रखी गई है। राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित होगा। राज्य स्तरीय एवं जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का भव्य आयोजन सुनिश्चित कराया जाए।
उन्होंने कहा कि जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम स्थलों पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण अनिवार्य रूप से किया जाए। सभी जनपदों में कार्यक्रम स्थलों का चयन समयबद्ध रूप से पूर्ण करा लिया जाए तथा सभी कार्यक्रमों में संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को अवश्य आमंत्रित किया जाए ताकि आयोजन में व्यापक जन-भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि जनपद स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की यात्रा से संबंधित संकलित अभिलेखों की प्रदर्शनी लगाई जाए। विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार एवं लाभार्थियों तक पहुंच के लिए विशेष स्टॉल स्थापित किए जाएं। ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ (ODOP) योजना के अंतर्गत प्रदेश के शिल्पकारों के उत्पादों की प्रदर्शनी एवं विक्रय का आयोजन कराया जाए। जी.आई. टैग प्राप्त ओडीओपी उत्पादों का ट्रेड शो की तर्ज पर प्रदर्शन एवं विक्रय की व्यवस्था की जाए। साथ ही ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ के उत्पादों का भी प्रदर्शन एवं विक्रय कराया जाए। मिशन शक्ति, नवाचार तथा वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विशेष प्रदर्शनियां भी लगाई जाएं।
उन्होंने विभिन्न विभागों को निर्देशित किया कि युवा पीढ़ी के लिए अनुकरणीय व्यक्तित्वों, पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों में बेहतरीन कार्य करने वाली महिलाओं, संस्कृति-कला जगत की हस्तियों, खेल, पंचायती राज, समाज कल्याण, ग्राम्य विकास, कृषि एवं श्रम विभाग से जुड़े उत्कृष्ट व्यक्तियों को कार्यक्रम में सम्मानित किया जाए।
युवा कल्याण विभाग द्वारा इसी अवधि में युवाओं के लिए प्रेरक कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं एवं पुरस्कार वितरण आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि फिजी, मॉरीशस, मालदीव, सिंगापुर एवं थाईलैंड स्थित भारतीय दूतावासों के सहयोग से विदेशों में भी उत्तर प्रदेश दिवस-2026 का भव्य आयोजन किया जाए। इन कार्यक्रमों में एमएसएमई एवं पर्यटन विभाग द्वारा सोवेनियर उपलब्ध कराए जाएं।
बैठक में तिथिवार कार्यक्रमों का विवरण प्रस्तुत किया गया। दिनांक 23 जनवरी 2026 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती के अवसर पर समस्त जनपदों में ब्लैकआउट मॉकड्रिल का आयोजन किया जाएगा। 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस, 25 जनवरी राष्ट्रीय पर्यटन दिवस / मतदाता जागरूकता दिवस व 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का आयोजन किया जाएगा।
संस्कृति उत्सव 2025-26 के अंतर्गत चयन प्रक्रिया जारी है। 10 से 15 जनवरी 2026 तक ग्राम पंचायत, ब्लॉक एवं तहसील स्तर पर प्रतियोगिताएं, 17 से 19 जनवरी 2026: मंडलीय मुख्यालय पर जनपद स्तरीय प्रतियोगिताएं, 22 जनवरी को लखनऊ में मंडल स्तर की प्रतियोगिताएं, 23 जनवरी को लखनऊ में विजेताओं का पूर्वाभ्यास, 24-26 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर प्रथम विजेताओं की प्रस्तुतियां, सम्मान एवं पुरस्कार वितरण किया जाएगा।
नगर विकास एवं पंचायती राज विभाग द्वारा 12 से 23 जनवरी, 2026 तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें समस्त ग्राम पंचायतों एवं नगर पंचायतों में साफ-सफाई के कार्य सुनिश्चित किए जा रहे हैं।
बैठक में प्रमुख सचिव पर्यटन अमित अभिजात, प्रमुख सचिव सामान्य प्रशासन एस.वी.एस. रंगाराव, प्रमुख सचिव पशुपालन मुकेश कुमार मेश्राम, मंडलायुक्त लखनऊ विजय विश्वास पंत, जिलाधिकारी लखनऊ विशाख , नगर आयुक्त लखनऊ गौरव कुमार समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।








