मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में गीडा के 36वें स्थापना दिवस में सम्मिलित हुए
गीडा के विभिन्न औद्योगिक सेक्टरों में इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेण्ट की 408 करोड़ रु0 की 114 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद गोरखपुर में गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के 36वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2017 के बाद से सुदृढ़ कानून-व्यवस्था, बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी विस्तार तथा निवेशकों को बेहतर सुरक्षा माहौल के कारण आज उत्तर प्रदेश सकारात्मक विजन के साथ आगे बढ़ रहा है। विगत 08 वर्षां में 500 औद्योगिक इकाइयां गीडा में स्थापित हुई हैं। इनके माध्यम से 11,618 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से 40 हजार नौजवानों को नौकरी प्राप्त हुई हैं।
इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में गीडा के विभिन्न औद्योगिक सेक्टरों में इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेण्ट की 408 करोड़ रुपये की 114 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने औद्योगिक योजना के आवंटियों को आवंटन पत्र, ओ0डी0ओ0पी0 योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सब्सिडी, ऋण के चेक तथा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को टूलकिट प्रदान किए। साथ ही, मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश पर आधारित एम0एस0एम0ई0 के ट्रेड शो एवं प्रदर्शनी का उद्घाटन कर इसका अवलोकन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से 36 वर्ष पूर्व गीडा की स्थापना हुई थी, लेकिन वर्ष 1989 से वर्ष 1998 तक गीडा में औद्योगिक गतिविधियां लगभग शून्य थीं। धरना प्रदर्शन, अराजकता, अव्यवस्था और कार्य न करने की इच्छाशक्ति के कारण गीडा चल नहीं पाया। गोरखपुर का खाद कारखाना भी बन्द हो गया था। गोरखपुर में इंसेफेलाइटिस की बीमारी कहर बनकर पूर्वी उत्तर प्रदेश के बच्चों को निगलती हुई दिखाई देती थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का यशस्वी नेतृत्व प्राप्त होने के बाद आज हम नये व बदलते भारत को देख रहे हैं। बदलते भारत में उत्तर प्रदेश ने भी तेजी के साथ अपने आप को तैयार किया है। परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश में डबल इंजन सरकार आने के बाद 45 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतारे जा चुके हैं, जिससे डेढ़ करोड़ नौजवानों को नौकरी व रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। 05 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव इसी दिसम्बर माह में धरातल पर उतारे जाएंगे, जिससे लाखों नौजवानों को नौकरी व रोजगार अपने ही प्रदेश व जनपद में प्राप्त होंगे।
राज्य सरकार द्वारा लोगों को सुरक्षा का वातावरण प्रदान किया गया। गुण्डागर्दी, गुण्डा टैक्स, माफियाराज, अपराध और अपराधियों तथा भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनायी गयी। परिणामस्वरूप आज उत्तर प्रदेश कानून-व्यवस्था और सुरक्षा की दृष्टि से देश में एक मॉडल स्टेट के रूप में अपने आपको स्थापित करने में सफल हुआ है। अन्नदाता किसानों के साथ सीधा संवाद करके जमीन का अच्छा मुआवाजा देना प्रारम्भ हुआ। सरकार का लक्ष्य है किसी विकास कार्य के लिए किसी गरीब की भूमि की आवश्यकता है, तो उसे अच्छा मुआवजा देकर प्राप्त किया जाए। और किसी भी अन्नदाता किसान के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। किसी भी गरीब को उजाड़ा नहीं जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश के 55 प्रतिशत एक्सप्रेस-वे के साथ, देश का सबसे बड़ा रेल नेटवर्क, मेट्रो सिटी तथा एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश में हैं। उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा 16 एयरपोर्ट क्रियाशील हैं, जिनमें 04 इण्टरनेशनल एयरपोर्ट हैं। 5वां इण्टरनेशनल एयरपोर्ट जेवर में बनकर तैयार हो चुका है। यह इण्टरनेशनल एयरपोर्ट भारत का सबसे बड़ा एयरपोर्ट है, जिसका अगले माह में प्रधानमंत्री जी के कर-कमलों से उद्घाटन किया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की पहली रैपिड रेल और इनलैण्ड वॉटर-वे उत्तर प्रदेश में हैं। अब उत्तर प्रदेश बीमारू नहीं, बल्कि भारत की अनलिमिटेड पोटेंशियल का प्रदेश बन चुका है। देश की सबसे तेज विकसित अर्थव्यवस्था के रूप में आज उत्तर प्रदेश ने अपने आपको स्थापित किया है। आज विभिन्न सेक्टर्स में निवेश आ रहा है। हर निवेश नौकरी की सम्भावनाओं को विकसित करता है और नये अवसर प्रदान करता है। अकेले गीडा में लगभग 40 हजार नौजवानों को नौकरी मिली है, यही परिर्वतन है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विगत दिनों अयोध्या में प्रधानमंत्री जी के कर-कमलों से भगवान श्रीराम की पावन जन्मभूमि पर भव्यता के साथ धर्मध्वज को आरोहण करने का कार्य सम्पन्न हुआ। 140 करोड़ भारतवासी व सभी सनातन धर्मावलम्बियों ने आत्मगौरव की अनुभूति की। गत वर्ष 22 जनवरी, 2024 को जब अयोध्याधाम में श्रीराम मंदिर में भगवान श्रीरामलला की प्राण-प्रतिष्ठा का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ था, जिसमें भी प्रधानमंत्री जी स्वयं अयोध्याधाम आये थे। उन्होंने भारत की विरासत को सम्मान देकर आने वाली पीढ़ी को संदेश दिया है कि विरासत पर गौरव की अनुभूति के बिना कोई देश आगे नहीं बढ़ सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत दुनिया में सबसे तेजी से उभरती हुई अर्थव्यवस्था व तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित हुआ है। यह नया भारत, विकसित भारत बनने के संकल्प की तरफ आगे बढ़ चुका है। जब भारत आगे बढ़ेगा, तो उत्तर प्रदेश अपने आपको आगे बढ़ने से रोक नहीं सकता। उत्तर प्रदेश आगे बढ़ेगा, तो गोरखपुर और पूर्वी उत्तर प्रदेश अपने आपको पीछे नहीं छोड़ सकता।
पूर्वी उत्तर प्रदेश आजादी के बाद से लगातार उपेक्षित था। उद्योग धंधे बन्द हो चुके थे। अराजकता चरम पर थी, निवेश करने वाले यहां से बाहर भाग रहे थे। आज पूर्वी उत्तर प्रदेश में विकास निवेश के साथ आया है और यह निवेश केवल विकास ही नहीं, बल्कि भाव भी है। देश और दुनिया के उद्यमी गीडा में निवेश करने आ रहे हैं। इस निवेश से गोरखपुर तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश के युवाआें को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि धुरियापार में रिलायंस समूह का कैम्पा ब्राण्ड यहां की इण्डस्ट्रियल टाउनशिप में यूनिट लगाने को तैयार है। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे में औद्योगिक गलियारे के लिए 800 एकड़ भूमि उपलब्ध करायी गयी है। इसमें वरुण बेवरेज, कोका कोला, कपिला कृषि उद्योग और प्लास्टिक पार्क, फ्लैटेड फैक्ट्री यहां पर बहुत शीघ्र आयेंगी। नाईलेट के माध्यम से स्किल डेवलपमेन्ट हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गीडा से लेकर धुरियापार तक औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा दे रही है। यहां पर 800 एकड़ में अम्बुजा सीमेन्ट तथा श्रेयस डिस्टलरी विकसित होने जा रही है। आने वाले दिनों में देश मे गीडा, औद्योगिक विकास के हब के रूप में अपनी एक नई पहचान बनायेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश के नौजवानों को यहां न केवल रोजगार प्राप्त होगा, बल्कि स्किल डेवलपमेंट के कार्य को भी आगे बढ़ाया जाएगा। नाईलेट जैसे संस्थान गीडा के साथ एम0ओ0यू0 करके इण्डस्ट्री की डिमाण्ड के अनुरूप स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम को तेजी से आगे बढ़ाने में सफल होंगे।
इस अवसर पर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में गीडा औद्योगिक विकास के हब के रूप में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनकर उभरा हैं। नये भारत के नये उत्तर प्रदेश का नया गोरखपुर आज देश व प्रदेश में अपनी अलग पहचान बना रहा है। इस विकास का प्रत्येक नागरिक साक्षी बन रहा है। आज बिना भेदभाव के प्रत्येक नागरिक को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त हो रहा है। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में नया उत्तर प्रदेश सांस्कृतिक, औद्योगिक तथा आर्थिक परिर्वतन की अगुवाई कर रहा है। यह परिवर्तन विजन 2047 का उद्घोष कर रहा है।
इस अवसर पर एम0एस0एम0ई0 मंत्री राकेश सचान ने कहा कि उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री के नेतृत्व में लगातार विकास की राह में आगे बढ़ रहा है। एम0एस0एम0ई0 की 96,000 इकाइयों, हस्तशिल्पियों व कारीगरों, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना से जुड़े लोगों को आगे बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 25 से 29 सितम्बर, 2025 तक ग्रेटर नोएडा के यू0पी0 इण्टरनेशनल ट्रेड शो में 2,200 स्टॉल लगे थे, जिसमें देश व दुनिया के लोगों ने उत्तर प्रदेश के उत्पादों का अवलोकन किया। इसमें 1,200 करोड़ रुपये का व्यापार हुआ। प्रधानमंत्री जी ने हम सबको जी0एस0टी0 सुधार का उपहार दिया, जिसे मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार में स्वदेशी मेले का आयोजन कर जी0एस0टी0 उत्सव के रूप में मनाया गया।
कार्यक्रम को सांसद रवि किशन शुक्ल तथा विधायक प्रदीप शुक्ला ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, उद्यमी तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।








