बसन्तकुंज योजना में मेट्रो डिपो के लिए चिन्हित की गयी 40 एकड़ जमीन: प्रथमेश कुमार

यूपीएमआरसी ने योजना में डिपो के निर्माण के लिए एलडीए को पत्र लिखकर मांगी थी जमीन

एलडीए ने पैमाइश व सर्वे का कार्य किया पूरा, योजना के सेक्टर-ए के दक्षिणी भाग में तलाशी गयी भूमि

लखनऊ मेट्रो के ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर का डिपो बसन्तकुंज योजना में बनेगा। इसके लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण ने योजना के सेक्टर-ए में लगभग 40 एकड़ जमीन चिन्हित कर ली है। एलडीए जल्द ही अन्य औपचारिकताएं पूरी करके जमीन का ब्योरा यूपीएमआरसी को सौंपेगा।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने 13 अगस्त, 2025 को पत्र भेजा था। जिसमें लखनऊ मेट्रो ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर के डिपो के लिए हरदाई रोड पर जमीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया था। इस क्रम में बसन्तकुंज योजना में भूमि की पैमाइश व सर्वे का कार्य कराया गया। इसमें बसन्तकुंज योजना के सेक्टर-ए के दक्षिणी भाग में लगभग 40 एकड़ भूमि चिन्हित की गयी है। उक्त भूमि 60 मीटर व 30 मीटर चौड़े मार्ग पर स्थित है, जिसमें मछली मंडी की भूमि को भी शामिल किया गया है।

उपाध्यक्ष ने बताया कि बसन्तकुंज योजना के सेकटर-ए में लॉटरी से आवंटित किये गये 272 भूखण्डों पर आवंटियों को कब्जा दिया जाना है। मेट्रो के डिपो के लिए जमीन तलाशते समय इन सभी आवंटियों के हितों को सर्वोपरि रखा गया है। उन्होंने बताया कि सेक्टर-ए के सभी आवंटियों के भूखण्डों को यूपीएमआरसी को मेट्रो डिपो के लिए दी जाने वाली जमीन से अलग रखा गया है। ऐसे में आवंटियों की जमीन पूरी तरह सुरक्षित रहेगी और जल्द ही उन्हें उनके भूखण्डों का कब्जा प्रदान कर दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
btnimage