काकोरी में 45 बीघा क्षेत्रफल में चल रही 03 अवैध प्लाटिंग पर चला एलडीए का बुलडोजर
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने की कार्रवाई

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शहर में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ लगातार चलाये जा रहे अभियान के क्रम में गुरूवार को प्रवर्तन टीम ने काकोरी क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान 45 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 03 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।

संयुक्त सचिव सुशील प्रताप सिंह ने बताया कि बसंत कुमार व अन्य द्वारा काकोरी के ग्राम-शिवरी में रेडिएंट होन्डा शोरूम के बगल में लगभग 15 बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए बसंत विहार नाम से अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी। इसी तरह निखिल वर्मा व अन्य द्वारा शिवरी के पानखेड़ा में लगभग 10 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा था। इसके अलावा मेसर्स जी0एस0 रेजीडेंसी के दिनेश प्रताप सिंह व अन्य द्वारा काकोरी में मोहान रोड से पहले घुरघुरी तालाब क्षेत्र में लगभग 20 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा था।
प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इन तीनों अवैध प्लाटिंग के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किये गये थे।
जिसके अनुपालन में प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने पुलिस बल के सहयोग से अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करायी। इस दौरान डेवलपर्स द्वारा स्थल पर विकसित की गयी सड़क, नाली, बाउन्ड्रीवॉल, साइट ऑफिस आदि को ध्वस्त कर दिया गया।








