गोमती नगर विस्तार में अवैध डेयरी के खिलाफ एलडीए ने चलाया अभियान
सेक्टर-1 में सड़क किनारे अवैध कब्जा करके बनायी गयी दुकानें, झुग्गी-झोपड़ी व डेयरी हटायी गयीं

लखनऊ विकास प्राधिकरण ने सोमवार को गोमती नगर विस्तार में अवैघ अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान एक दर्जन से अधिक अवैध डेयरी, दुकानें, झुग्गी-झोपड़ी आदि को ध्वस्त किया गया।

एलडीए के सचिव विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि गोेमती नगर विस्तार के सेक्टर-1 में ग्वारी फ्लाईओवर के पास सड़क किनारे खाली पड़ी जमीन पर कुछ लोगों ने अनाधिकृत रूप से कब्जा करके अवैध डेयरी, झुग्गी-झोपड़ी, कार वर्कशॉप व कबाड़ की दुकानें बना रखी थीं। इससे सड़क पर जलभराव और गंदगी की समस्या रहती थी। इसके अलावा डेयरी संचालकों द्वारा सर्विस रोड पर लगे बिजली के खम्भों से पशुओं को बांधा जाता था, जिससे मार्ग बाधित होता था और लोगों को सड़क से गुजरने में कठिनाई का सामना करना पड़ता था। इसे ध्यान में रखते हुए उपाध्यक्ष महोदय ने स्थल पर अभियान चलाकर अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिये थे।
जिसके अनुपालन में सोमवार को जोन-1 की जोनल अधिकारी संगीता राघव व प्रभारी अधिकारी-अर्जन विपिन कुमार शिवहरे के नेतृत्व में प्रवर्तन व अर्जन अनुभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर अभियान चलाया। इस दौरान प्राधिकरण पुलिस बल के सहयोग से एक दर्जन से अधिक अवैध अस्थाई निर्माण ध्वस्त किये गये। जोनल अधिकारी ने बताया कि स्थल पर झुग्गी बनाकर रह रहे कुछ लोगों ने स्वयं से जगह खाली करने के लिए समय मांगा है। इस पर उन्हें अवैध कब्जा खाली करने के लिए एक सप्ताह की मोहल्लत दी गयी है, जिसके बाद प्राधिकरण द्वारा पुनः अभियान चलाकर अवैध कब्जे हटाये जाएंगे।








