अलकनंदा ग्रीन सिटी समेत 04 अवैघ प्लाटिंग पर चला एलडीए का बुलडोजर

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-4, जोन-5 एवं जोन-7 की टीम ने की कार्रवाई

सैरपुर व दुबग्गा क्षेत्र में ध्वस्त की गयीं अवैध प्लाटिंग, गुड़म्बा में रिंग रोड पर बना अवैध कॉम्पलेक्स सील

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शहर में अवैध निर्माण व प्लाटिंग के खिलाफ लगातार चलाये जा रहे अभियान के क्रम में बुधवार को अलकनंदा ग्रीन सिटी समेत 04 अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया गया। इस दौरान निजी विकासकर्ताओं द्वारा अवैध रूप से बनायी गयी सड़क, नाली, बाउन्ड्रीवॉल, साइट ऑफिस आदि को ध्वस्त कर दिया गया। वहीं, गुड़म्बा में रिंग रोड पर निर्माणाधीन अवैध कॉम्पलेक्स को सील किया गया।

प्रवर्तन जोन-4 की जोनल अधिकारी वन्दना पाण्डेय ने बताया कि लक्ष्मण यादव व अन्य द्वारा सैरपुर की अवध विहार कालोनी में लगभग 40 बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए अलकनंदा ग्रीन सिटी नाम से अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी। इसी तरह वंशराज यादव व अन्य द्वारा सैरपुर के घुवैला, कमलाबाद में लगभग 04 बीघा क्षेत्रफल में अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इन दोनों अवैध प्लाटिंग को प्रवर्तन टीम द्वारा ध्वस्त कर दिया गया।

प्रवर्तन जोन-7 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि संदीप व प्रदीप कुमार द्वारा दुबग्गा के ग्राम-मलहा में लगभग 04 बीघा व आर0डी0 ग्रीन्स द्वारा लगभग 04 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य कराया जा रहा था। जिसे प्रवर्तन टीम द्वारा प्राधिकरण पुलिस बल के सहयोग से ध्वस्त कर दिया गया।

प्रवर्तन जोन-5 के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार ने बताया कि मोहम्मद शोएब खान व अन्य द्वारा गुड़म्बा के आदिल नगर में रिंग रोड पर लगभग 4,000 वर्गफिट क्षेत्रफल के भूखण्ड पर अवैध रूप से व्यावसायिक कॉम्पलेक्स का निर्माण कराया जा रहा था। प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना किये जा रहे उक्त अवैध निर्माण को प्रवर्तन टीम द्वारा सील कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button
btnimage