अवैध निर्माण के नाम पर जनता को प्रताड़ित करने वाले शिकायती गिरोह पर कसेगा शिकंजा : प्रथमेश कुमार

जनवरी 2024 से 30 मई 2025 के बीच 28 लोगों ने निर्माण कार्यों के खिलाफ आई0जी0आर0एस0 पोर्टल पर दर्ज करायी 2114 शिकायतें

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने पिछले एक साल में निर्माण कार्यों के खिलाफ आयी शिकायतों की करायी स्क्रूटनी
अब गहन परीक्षण के बाद ही ऐसी शिकायतों पर की जाएगी कार्रवाई, एलडीए उपाध्यक्ष ने जनहित में जारी किये आदेश
शहर में निर्माण कार्य की शिकायत करके आम जनता को प्रताड़ित करने वाले शिकायती गिरोह पर लखनऊ विकास प्राधिकरण शिकंजा कसेगा। जन सुनवाई में शिकायती गिरोह की कारस्तानियों के सम्बंध में लगातार आ रही शिकायतों पर एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने ऐसी शिकायतों की स्क्रूटनी करायी तो कई अहम तथ्य निकल कर सामने आये।
पता चला कि सिर्फ 28 लोगों ने ही जनवरी 2024 से 30 मई 2025 के बीच निर्माण कार्यों के सम्बंध में 2114 शिकायतें दर्ज करायी हैं। इसे ध्यान में रखते हुए एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने शनिवार को जनहित में आदेश जारी किया है। जिसके अनुसार अब से निर्माण कार्यों के सम्बंध में प्राप्त होने वाली शिकायतों पर गहन परीक्षण के बाद ही नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि प्राधिकरण में प्रत्येक माह जनता अदालत/प्राधिकरण दिवस का आयोजन किया जाता है, जिसमें उच्चाधिकारियों द्वारा जन सामान्य की समस्याओं की सुनवाई करते हुए निस्तारण सुनिश्चित करवाया जाता है। इसमें कई आम नागरिकों ने शिकायती गिरोह के खिलाफ प्रार्थना पत्र देते आपबीती बयां की। बताया कि वह लोग अपनी गाढ़ी कमाई व बैंक से लोन लेकर किसी तरह अपने व परिवार के लिए मकान बनवा रहे हैं। जिसमें  शिकायती गिरोह द्वारा रूपयों की मांग की जा रही है और रूपये न देने की सूरत में निर्माण कार्य को अवैध कराकर देते हुए प्राधिकरण व आई0जी0आर0एस0 पोर्टल पर शिकायत दर्ज करायी जा रही है। गिरोह द्वारा गलत मंशा से इस तरह की शिकायतें करके आम नागरिकों का शोषण किया जा रहा है।
जनता अदालत/नागरिक सुविधा दिवस व आम दिनों में जन सुनवाई के दौरान लगातार सामने आ रहे ऐसे प्रकरणों पर एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने जांच के आदेश दिये। जिसके अनुपालन में आई0जी0आर0एस0 सेल के माध्यम से जनवरी 2024 से लेकर 30 मई 2025 के बीच निर्माण कार्यों के सम्बंध में आयी शिकायतों की स्क्रूटनी करायी गयी।
पता चला कि इस अवधि में प्राप्त हुयी कुल शिकायतों में से 2114 शिकायतें तो केवल 28 लोगों ने ही दर्ज करायी हैं, जोकि शहर में अलग-अलग जगह चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर की गयी हैं। इन शिकायतकर्ताओं में कुछ ऐसे लोग भी हैं, जिन पर निर्माणकर्ता सीधे तौर पर ब्लैकमेलिंग के आरोप लगा रहे हैं।
 गहन परीक्षण के बाद कार्रवाई
इन सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने जनहित में आदेश जारी किया है कि अब से निर्माण कार्य के सम्बंध में किसी भी माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतों की पूरी संवेदनशीलता से जांच की जाए। स्थल पर गहन परीक्षण करने के बाद ही शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
 एक महिला ने की 171 शिकायतें
जांच में सामने आया कि एक महिला ने दिनांक-19.05.2024 से 30.05.2025 के बीच आई0जी0आर0एस0 पोर्टल पर अवैध निर्माण की 171 शिकायतें दर्ज करायी हैं। वहीं, दूसरे नंबर पर एक व्यक्ति ने 168 और तीसरे नंबर पर एक शख्स ने 167 शिकायतें दर्ज करायी हैं। सूची में कुल 28 लोगों के नाम हैं, जो शहर में अलग-अलग जगह चल रहे निर्माण कार्यों के खिलाफ बारी-बारी शिकायत दर्ज करा रहे हैं।
 वर्जन
जन सुनवाई में शिकायती गिरोह के बारे में लगातार सूचनाएं प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों की स्क्रूटनी कराकर ऐसे लोगों की सूची तैयार की गयी है जो हर महीने निर्माण कार्य के सम्बंध में 20 से 30 शिकायतें दर्ज करा रहे हैं। इनके बारे में शासन को रिपोर्ट भेजी जा रही है।
प्रथमेश कुमार, उपाध्यक्ष, लखनऊ विकास प्राधिकरण

Related Articles

Back to top button
btnimage