जनेश्वर मिश्र पार्क में बनेगा 1200 मीटर लंबा नया जाॅगिंग ट्रैक : प्रथमेश कुमार, एलडीए वीसी

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का स्कल्पचर होगा स्थापित
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने किया जनेश्वर मिश्र पार्क का निरीक्षण, विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों के सम्बंध में अधिकारियों को दिये निर्देश
पार्क के सभी चौराहों को अलग-अलग थीम पर किया जाएगा विकसित, योगाभ्यास करने वालों के लिए बनेंगे योगा प्वाइंट्स
हाॅर्टीकल्चर के कार्य में लापरवाही पाये जाने पर संस्था पर जुर्माना, एक सप्ताह के अंदर व्यवस्था सुधारने का दिया अल्टीमेटम
गोमती नगर विस्तार स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क में 1200 मीटर लंबा नया जाॅगिंग ट्रैक बनेगा। साथ ही पहले से बने किड्स जोन में बच्चों के लिए आधुनिक राइड्स व झूले लगाये जाएंगे। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने शनिवार को जनेश्वर मिश्र पार्क का निरीक्षण करके अधिकारियों को विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों के सम्बंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इस दौरान हाॅर्टीकल्चर के कार्य में लापरवाही मिलने पर उपाध्यक्ष ने फर्म पर जुर्माना लगाते हुए एक सप्ताह के अंदर व्यवस्था सुधारने का अल्टीमेटम दिया है।

उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने पार्क का भ्रमण करके हाॅर्टीकल्चर, विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों, साफ-सफाई व सुविधाओं आदि की समीक्षा की। इसमें पाया गया कि पूरे पार्क में सिर्फ एक ही सिंथेटिक जाॅगिंग ट्रैक बना है, जबकि यहां माॅर्निंग वाॅक के लिए आने वाले लोगों की संख्या काफी ज्यादा है। गेट नंबर-7 के पास निर्मित 1.25 किलोमीटर लंबे इस सिंथेटिक जाॅगिंग ट्रैक की स्थिति भी जर्जर पायी गयी, जिससे माॅर्निंग वाॅकर्स को असुविधा होती है। इस पर उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल्द से जल्द पूर्व निर्मित सिंथेटिक ट्रैक की मरम्मत करवायी जाए। साथ ही गेट नंबर-2 से गेट नंबर-6 के बीच उपयुक्त स्थान चिन्हित करते हुए लगभग 1200 मीटर लंबा नया जाॅगिंग ट्रैक विकसित किया जाए। इसके बाद उपाध्यक्ष ने किड्स जोन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देशित किया कि किड्स जोन में बच्चों के लिए नये आधुनिक राइड्स व झूले लगवाये जाएं। इसमें बच्चों के मनोरंजन के साथ ही उनकी सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जाए।

*आगंतुकों की सुविधा के लिए साइनेज बोर्ड*
उपाध्यक्ष ने कहा कि पार्क में जिस स्थान पर राष्ट्रध्वज लगा है। उसके पास उपयुक्त स्थान चिन्हित करते हुए वहां स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का स्कल्पचर स्थापित कराया जाए। इसके अलावा पार्क के अंदर बने सभी चौराहों को अलग-अलग थीम के आधार पर विकसित करते हुए सौंदर्यीकरण के कार्य कराये जाएं। निरीक्षण में पाया गया कि पार्क में साइनेज बोर्ड तो लगे हैं, लेकिन उनमें उल्लेखित जानकारी व नक्शा समझना काफी मुश्किल है, जिससे लोगों को असुविधा होती है। इस सम्बंध में उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नये सिरे से साइनेज बोर्ड डिजाइन कराये जाएं, जिसमें उल्लेखित जानकारी व दिशासूचक नक्शे को लोग आसानी से समझ सकें।
योगा व सेल्फी प्वाइंट्स बनेंगे
जनेश्वर मिश्र पार्क में बड़ी संख्या में लोग योगाभ्यास भी करते हैं, जिनके लिए कोई उपयुक्त स्थान नहीं है। इसे ध्यान में रखते हुए उपाध्यक्ष ने निर्देश दिये कि योगा स्पाॅट चिन्हित करते हुए वहां प्लेसमेकिंग का कार्य कराया जाए। साथ ही युवाओं व बच्चों के लिए आकर्षक सेल्फी प्वाइंट्स बनाये जाएं। इसके अलावा पार्क में आने वाले लोगों का फीडबैक व सुझाव प्राप्त करने के लिए प्रवेश व निकास द्वार पर क्यूआर कोड लगाये जाएं, जिसे मोबाइल फोन से स्कैन करके लोग अपनी राय दे सकें।

लापरवाही पर संस्था पर जुर्माना
निरीक्षण में घास कटिंग समेत हाॅर्टीकल्चर के कुछ अन्य कार्यों में लापरवाही सामने आयी। इस पर उपाध्यक्ष ने हाॅर्टीकल्चर का काम करने वाली फर्म विमला एसोसिएट के कर्मचारियों को मौके पर तलब किया तो उनके पास पर्याप्त संसाधन नहीं थे। इस पर उपाध्यक्ष ने नाराजगी जताते हुए फर्म पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिये हैं। साथ ही एक सप्ताह के अंदर व्यवस्था सुधारने की हिदायत दी है। उपाध्यक्ष ने निर्देश दिये कि हाॅर्टीकल्चर का कार्य करने वाले सभी कर्मचारियों के लिए एक यूनीफार्म निर्धारित की जाए। सभी कर्मचारी यूनीफार्म पहनकर ही काम करेंगे, जिससे उन्हें चिन्हित करने तथा उपस्थिति सत्यापित करने में आसानी होगी। निरीक्षण में अधिशासी अभियंता संजय जिंदल एवं मनोज सागर, सहायक अभियंता विशाल यादव व अवर अभियंता संजय भाटी समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।








