बसन्तकुंज योजना में अकबर नगर के विस्थापितों के लिए लगाया गया दो दिवसीय शिविर

लोगों को बिजली, पानी, शिक्षा, रोजगार, खाद्यान्न व ऋण आदि उपलब्ध कराने के लिए लगाये गये इस शिविर में मौजूद रहे सम्बंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी
लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा बसन्तकुंज योजना के सेक्टर-आई में विस्थापित किये गये अकबर नगर प्रथम व द्वितीय के अध्यासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार से वहां दो दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया है। जिसमें स्थानीय लोगों को बिजली, पानी, शिक्षा, रोजगार, खाद्यान्न व ऋण आदि उपलब्ध कराने के लिए सम्बंधित विभाग के अधिकारियों की टीम उपस्थित रही। इस दौरान प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही योजना का निरीक्षण करके अधिकारियों को साफ-सफाई व अवशेष कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिये।
लखनऊ विकास प्राधिकरण के मुख्य अभियंता अजय कुमार सिंह ने बताया कि विस्थापितों की सहूलियत के लिए लगाये गये इस कैम्प में प्राधिकरण के अलावा जिला उद्योग केन्द्र, विद्युत नगरीय वितरण, जिला आपूर्ति विभाग, शिक्षा विभाग, डूडा, श्रम विभाग व लीड बैंक के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त आधार कार्ड में निवास स्थान आदि संशोधन कराने के लिए यू0आई0डी0ए0आई0 की टीम भी मौजूद रही। कैम्प में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने रोजगार के अवसरों व बैंक लोन आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने शिविर में आकर स्थानीय लोगों से सीधा संवाद किया और लोगों की समस्याओं के निस्तारण के सम्बंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उपाध्यक्ष ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यह शिविर शनिवार को भी आयोजित किया जाएगा। सभी लोग इस कैम्प का लाभ उठाकर अपनी जरूरत के मुताबिक कार्य निष्पादित करा सकते हैं।
इस क्रम में उपाध्यक्ष ने प्रधानमंत्री आवास के प्रत्येक ब्लाॅक का निरीक्षण करके विकास कार्यों व सुविधाओं का जायजा लिया। इसमें सफाई व्यवस्था संतोषजनक न मिलने पर उपाध्यक्ष ने सम्बंधित कर्मचारियों व ठेेकेदारों को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि सफाई कर्मियों की संख्या में बढ़ोत्तरी करते हुए एक सप्ताह के अंदर सम्पूर्ण परिसर की साफ-सफाई करा ली जाए। साथ ही बारिश के मद्देनजर नाली व नालों की सफाई भी प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करा ली जाए। उन्होेंने निर्देश दिये कि योजना में जो भी कार्य शेष रह गये हैं, उन्हेें समयबद्ध तरीके से पूरा करा लिया जाए। इस मौके पर अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा, विशेष कार्याधिकारी रवि नंदन सिंह, अधिशासी अभियंता अजीत कुमार एवं नीरज कुमार समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage