एलडीए : गोसाईंगंज में अवैध प्लाटिंग पर गरजा बुलडोजर, गुड़म्बा में अवैध निर्माण सील

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-2 व प्रवर्तन जोन-5 की टीम ने की कार्यवाही
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर शहर में अवैध निर्माण/प्लाटिंग के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के क्रम में शुक्रवार को प्रवर्तन दस्ते ने गोसाईंगंज क्षेत्र में 02 स्थानों पर चल रही अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की। वहीं, गुड़म्बा में कुर्सी रोड पर 01 अवैध निर्माण को सील किया गया।
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि बंशीलाल पुत्र अनन्त राम द्वारा गोसाईंगंज में नगराम रोड पर स्थित दाउद नगर की भूमि खसरा संख्या-698, 704 व 613 पर लगभग 04 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए अनियोजित कालोनी विकसित की जा रही थी। इसके अलावा हीरा लाल व अन्य द्वारा गोसाईंगंज के दाउद नगर में भूमि खसरा संख्या-717 पर एच0टी0 लाइन के बगल में लगभग 01 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा था। प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इन दोनों अवैध प्लाटिंग के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किये गये थे।
इसके अनुपालन में सहायक अभियंता अनिल कुमार के नेतृत्व में अवर अभियंता विपिन बिहारी राय द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही करायी गयी। इस दौरान निजी विकासकर्ताओं द्वारा स्थल पर निर्मित की गयी सड़कें, बाउन्ड्रीवाॅल, नाली व भूखण्डों के डिमार्केशन के लिए ईंट से किये गये चिनाई आदि के कार्य को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
प्रवर्तन जोन-5 के जोनल अधिकारी राजकुमार ने बताया कि एलहाम सिद्दीकी व अन्य द्वारा गुड़म्बा में कुर्सी रोड स्थित टेढ़ी पुलिया में भूखण्ड संख्या-4 पर लगभग 700 वर्गफिट क्षेत्रफल में अवैध रूप से निर्माण कार्य करवाया जा रहा था। इसके विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए सीलिंग के आदेश पारित किये गये थे। जिसके अनुपालन में सहायक अभियंता प्रवीण कुमार के नेतृत्व में अवर अभियंता सुरेन्द्र द्विवेदी व शिव कुंवर द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से प्रश्नगत स्थल को सील कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button
btnimage