एलडीए में वरिष्ठ नागरिक/दिव्यांगजन समाधान दिवस का आयोजन

लखनऊ विकास प्राधिकरण में आज 27.06.2024 को वरिष्ठ नागरिक/दिव्यांगजन समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस मौके पर प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने जन सामान्य की समस्याओं को विस्तारपूर्वक सुना और इनके समयबद्ध निस्तारण के सम्बंध में अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिये।

सचिव विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों व दिव्यांगजनों को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए विभिन्न पटलों में न जाना पड़े, इसके लिए उपाध्यक्ष द्वारा प्रत्येक माह के चतुर्थ बृहस्पतिवार को इस विशेष शिविर की व्यवस्था की गई है। आज शिविर में पहुंचे नेहरू इन्क्लेव निवासी रवि शंकर श्रीवास्तव ने प्रार्थना पत्र दिया कि प्राधिकरण ने अप्रैल, 2024 में योजना में नयी सड़क बनायी है। इसमें आंतरिक सड़क व सर्विस रोड पर स्पीड ब्रेकर भी बनवाये गये हैं, जिससे वरिष्ठ नागरिकों को दिक्कत होती है। इस पर उपाध्यक्ष ने मुख्य अभियंता को समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये।

वहीं, इंदिरा नगर निवासी संतोष मिश्रा ने प्रार्थना पत्र दिया कि उन्हें कानपुर रोड योजना के सेक्टर-एम 1 में भवन संख्या-719 आवंटित है। जिसकी रजिस्ट्री भी हो गयी है, लेकिन भवन में अवैध अध्यासी के चलते उन्हें कब्जा नहीं मिला है। इस पर उपाध्यक्ष ने सम्बंधित अधिशासी अभियंता को सात दिन के अंदर भवन खाली कराकर आवंटी को कब्जा दिलाने के निर्देश दिये। इसके अलावा अलीगंज के सेक्टर-बी निवासी सुरेश कुमार श्रीवास्तव ने मकान के फ्री-होल्ड के सम्बंध में प्रार्थना पत्र दिया, जिस पर सम्बंधित अधिकारी को 15 दिन के अंदर कार्यवाही सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये गये।

इस क्रम में नेहरू इन्क्लेव निवासी प्रतिभा श्रीवास्तव ने प्रार्थना पत्र दिया कि कालोनी में स्थित श्री राम पार्क में मलबा पड़ा है, जिससे पेड़-पौधे पनप नहीं पा रहे हैं। साथ ही पार्क की बाउन्ड्रीवाॅल भी छोटी है, जिसके चलते आवारा जानवर पार्क में घुस आते हैं। इस पर उपाध्यक्ष ने सम्बंधित अधिशासी अभियंता को स्थल निरीक्षण करके कार्यवाही सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये।

अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि शिविर में कुल 12 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें से 01 प्रकरण का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों में सम्बंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये हैं।

Related Articles

Back to top button
btnimage