एलडीए ने काकोरी में विरोध के बीच अवैध प्लाटिंग पर चलाया बुलडोजर

काकोरी में मौदा रोड पर 15 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से विकसित की जा रही थी अवध विहार कालोनी, प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने स्थल पर विकसित निर्माण कार्यों को ध्वस्त किया

लखनऊ विकास प्राधिकरण ने शनिवार को काकोरी क्षेत्र में अभियान चलाकर लगभग 15 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से विकसित की जा रही अवध विहार कालोनी पर बुलडोजर चलाया। इस दौरान मौके पर पहुंचे डेवलपर व उनके सहयोगियों द्वारा एलडीए के प्रवर्तन दस्ते का विरोध करते हुए कार्यवाही को रोकने की कोशिश की गयी। लेकिन, अधिकारियों ने बिना पीछे हटे कार्यवाही जारी रखी और स्थल पर विकसित निर्माण कार्यों को ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा हजरतगंज व मड़ियांव में तीन अवैध निर्माण सील किये गये।


प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि लल्लू यादव व अन्य द्वारा काकोरी में मौदा रोड पर लगभग 15 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए अवध विहार नाम से कालोनी विकसित की जा रही थी। प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इस अवैध प्लाटिंग के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किये गये थे।

आदेश के अनुपालन में सहायक अभियंता वाई0पी0 सिंह के नेतृत्व में अवर अभियंता भरत पाण्डेय, भानु प्रताप वर्मा व प्रमोद कुमार पाण्डेय द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही करायी गयी। इस दौरान डेवलपर द्वारा स्थल पर विकसित की गयी सड़कें, नाली, बाउन्ड्रीवॉल, भूखण्डों के डिमार्केशन के लिए ईंटों से किये गये चिनाई आदि के कार्य को ध्वस्त कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button
btnimage