#LDA : सीतापुर रोड पर अवैध कालोनी ध्वस्त और ठाकुरगंज में अनाधिकृत निर्माण सील

लखनऊ।
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अनाधिकृत निर्माणों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में आज बुधवार को सीतापुर रोड पर अवैध कालोनी को ध्वस्त तथा ठाकुरगंज में एक अवैध निर्माण को सील किया गया।
प्रवर्तन जोन-4 के जोनल अधिकारी अरविन्द त्रिपाठी ने बताया कि थाना-बक्शी का तालाब क्षेत्र में बी0एन0सी0ई0टी0 इंजीनियरिंग कालेज के पीछे, सीतापुर रोड, लखनऊ में प्राधिकरण से बगैर नक्शा पास कराये अनाधिकृत रूप से ऊँ श्री साईं राम बिहार नाम से कालोनी विकसित की जा रही थी। जिसके विरुद्ध विहित न्यायालय में वाद योजित किया गया था। जिसमें कालोनी को ध्वस्त किये जाने के आदेश दिये गए। उक्त आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित कराते हुए सहायक अभियंता प्रवीण कुमार के नेतृत्व में अवर अभियंता संजय शुक्ला, बिजेन्द्र कुमार व अम्बरीश कुमार शर्मा द्वारा क्षेत्रीय पुलिस बल, पी0ए0सी0 व प्राधिकरण पुलिस बल तथा क्षेत्रीय सुपरवाइजरों/कर्मियों के अथक प्रयास/सहयोग से प्रश्नगत स्थल पर अनाधिकृत रूप से निर्मित साइट आफिस, भूखण्डों की चहारदीवारों एवं खड़ंजा-सडकों आदि को ध्वस्त किया गया।
इसके अलावा प्रवर्तन जोन-7 के जोनल अधिकारी डी.के. सिंह ने बताया कि थाना-ठाकुरगंज के अन्तर्गत मो0 जफर, हरीश मनशानी द्वारा रिफा कालोनी के निकट सम्पबैल एक्सान स्कूल के पीछे, कैम्पवेल रोड, वार्ड-हैदरगंज, ठाकुरगंज, लखनऊ में अनाधिकृत रूप से अवैध प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा था। अवैध प्लाटिंग किये जाने पर उक्त के विरुद्ध विहित न्यायालय में वाद संख्या-372/2022 योजित किया गया था। जिसमें परिसर को सील किये जाने के आदेश दिये गए थे।
उक्त आदेश के अनुपालन में सहायक अभियंता राजेश सिंह तोमर के नेतृत्व में अवर अभियंता भानु प्रकाश वर्मा और सुपरवाइजर दुर्गेश श्रीवास्तव व नाजिम रजा द्वारा थाना ठाकुरगंज की पुलिस बल व प्राधिकरण पुलिस बल के सहयोग से अनाधिकृत निर्माण को सील किया गया।








