मानव संपदा पोर्टल के उपयोग से समय की बचत होगी: मुख्य सचिव

लखनऊ। मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने मानव संपदा पोर्टल पर अधिकारियों/कर्मचारियों का सेवा सम्बन्धी विवरण अपलोड कराकर सत्यापन कराने सम्बन्धी बैठक की अध्यक्षता की।

अपने संबोधन में मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा शासकीय कार्यों में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से डिजिटलीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुये मानव संपदा पोर्टल की शुरु किया गया है। इस पोर्टल के द्वारा कर्मचारियों के सभी विवरण का रखरखाव डिजिटल मोड में किया जाता है। इससे समय की भी बचत होगी और पेपर वर्क कम हो जायेगा। इस पोर्टल के द्वारा कोई भी कर्मचारी घर बैठे छुट्टी के लिए आवेदन कर सकता है।
उन्होंने कहा कि मानव संपदा पोर्टल के उपयोग से कार्मिकों के कार्य में तेजी आयेगी, जिससे कर्मचारियों को काफी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि जिन विभागों में कार्मिकों का डाटा अभी तक पोर्टल पर फीड नहीं किया है, जल्द से जल्द फीड कराकर सत्यापित करा दिया जाये। विभागों में अवकाश तथा स्थानान्तरण के आवेदन पत्र मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से प्राप्त किये जायें। इसके अतिरिक्त मानव संपदा पोर्टल पर प्राप्त होने वाले अवकाश सहित अन्य आवेदनों को सक्षम अधिकारी द्वारा समय से निस्तारित किया जाये। इस कार्य में तेजी लाने हेतु सभी विभागों में नोडल अधिकारी नामित किये जायें। प्रशिक्षण की आवश्यकता होने पर कार्मिकों का प्रशिक्षण करा दिया जाये।
बैठक में अपर मुख्य सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक देवेश चतुर्वेदी, अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा आराधना शुक्ला, महानिदेशक स्कूल शिक्षा विजय किरन आनंद सहित  सम्बन्धित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
btnimage