परिवहन निगम ने यूपी की जनता को दशहरा और दीपावाली पर दिया धमाकेदार तोहफा
यूपीएसआरटीसी द्वारा संचालित समस्त वातानुकूलित बसों में लगभग 10% कम किराया का लाभ अग्रिम आदेशों तक यात्रियों को मिलेगा- दयाशंकर सिंह

उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार ने लोगों को दशहरा एवं दीपावली पर तोहफा दिया है। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम द्वारा संचालित समस्त वातानुकूलित बसों के किराए में की गई लगभग 10% की कमी को अग्रिम आदेशों तक बढ़ा दिया गया है। उन्होंने बताया कि यह कमी परिवहन निगम के लाभ की स्थिति को देखते हुए और यात्रियों को बेहतर सेवाएं मुहैया कराने के लिए की गई है।इससे यात्री कम किराए में वातानुकूलित बसों में सफर का आनंद उठा सकते हैं।
परिवहन मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य यात्री सुविधाओं को बढ़ावा देना है। और परिवहन निगम सरकार की इसी मंशा को मजबूती से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि वातानुकूलित बसों यथा जनरथ, पिंक, शताब्दी हाई एंड बसों (वोल्वो) वातानुकूलित शयनयान में यह छूट प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि नई वातानुकूलित बसों,दिनांक 01 जनवरी 2024 के बाद पंजीकृत वाहन का किराया निर्धारित रहेगा। उन्होंने बताया कि वातानुकृत 3*2 का किराया 1.45 प्रति किलोमीटर, 2 * 2 बस सेवा का किराया 1.60 रुपए प्रति किलोमीटर हाई एंड बसों (वोल्वो) 2.30 रूपए एवं वातानुकूलित शयनयान का किराया 2.10 रुपए होगा।
परिवहन मंत्री ने निर्देश दिए कि यह ध्यान रखा जाये कि गत वर्ष की तुलना में सकल आय में कमी न हो, इसलिए वातानुकूलित बसों पर तैनात चालक-परिचालकों को विशेष रुप से काउन्सिलिंग कर अधिक से अधिक यात्रियों को सेवा प्रदान करने हेतु प्रेरित करना सुनिश्चित करें।