डाॅ0 रोशन जैकब द्वारा डीएम अपूर्वा दुबे की उपस्थिति में राजस्व विभाग एवं राहत कार्यों की समीक्षा बैठक

उन्नाव 26 दिसम्बर 2022

कलेक्ट्रेट स्थित पन्नालाल सभागार में मंडलायुक्त लखनऊ, डाॅ0 रोशन जैकब द्वारा जिलाधिकारी अपूर्वा दुबे की उपस्थिति में राजस्व एवं राहत कार्यों, कानून एवं यातायात व्यवस्था, कर-करेत्तर एवं कोविड की तैयारियों तथा आईजीआरएस से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की गयी।

राजस्व विभाग एवं राहत कार्यों की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त द्वारा विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये गये कि अविवादित वरासत के प्रकरण समय से निस्तारित किये जायें। उन्होने कहा कि शीत कालीन भ्रमण/जन चैपालों के दौरान भूमि सम्बन्धी विवादों का पुलिस एवं प्रशासन की टीम द्वारा स्थलीय निस्तारण कराना सुनिश्चित किया जाए। पैमाइश एवं हदबरारी के वादों को अनावश्यक रूप से लम्बित न रखा जाए। सभी उप जिलाधिकारी अभियान चलाकर सरकारी भूमि से अवैध कब्जों को हटवायें तथा शासकीय उपयोग हेतु लैण्ड बैंक तैयार करें। उन्होने निर्देश दिये कि राजस्व/भूमि सम्बन्धी समस्त वादों का निपटारा तय समय सीमा के अन्दर सुनिश्चित कराया जाए। उन्होने कहा कि छोटे-छोटे कामों के लिए लोगों को कलेक्टेªट एवं तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें, इसलिए ग्राम सचिवालयों को एक्टिव किया जाए। रोस्टर के मुताबिक प्रत्येक ग्राम में पंचायत सचिव एवं लेखपाल एक साथ बैठें तथा स्थानीय स्तर पर ही लोगों की शिकायतों का निस्तारण कराना सुनिश्चित करें। शीत लहर एवं सर्दी के दृष्टिगत उन्होने कहा कि जनपद में आवश्यकतानुसार शेल्टर होम/रैन बसेरे संचालित किये जाएं एवं अलाव नियमित रूप से जलाये जाएं। जरूरतमंद एवं निराश्रित लोगों को जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति मे कम्बल वितरित कराये जाएं। उन्होने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि रात्रि भ्रमण के दौरान शेल्टर होम की व्यवस्थाओं को अवश्य देखें तथा शेल्टर होम में सुरक्षा व चिकित्सा के पर्याप्त इन्तज़ाम किये जाएं।

मण्डलायुक्त ने पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ शंकर मीना से अपराध नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी ली तथा निर्देश दिये कि भू-माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाए तथा महिलाओं से सम्बन्धित अपराधों को कमतर करने के लिए संवेदनशील स्थलों जैसे बाजार, स्कूल, कालेज आदि पर पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए। उन्होने कहा कि विवेचक/जाॅच अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा की जाए तथा दर्ज मुकद्मों का समय से निस्तारण कराया जाए। उन्होने कहा कि थाना दिवसों को प्रभावी बनाया जाए तथा सम्पूर्ण समाधान दिवस एवं आईजीआरएस से प्राप्त शिकायतों का गुणवत्ता पूर्ण एवं समय से निस्तारण कराया जाए ताकि शिकायतकर्ता संतुष्ट रहे। उन्होने अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) श्री नरेन्द्र सिंह को निर्देश देते हुए कहा कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष शत प्रतिशत राजस्व की वसूली सुनिश्चित करायी जाए। उन्होने मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ0 सत्य प्रकाश को निर्देश दिये कि कोविड महामारी के दृष्टिगत सभी अस्पतालों में आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करा ली जाएं तथा ग्राम निगरानी समितियों को सक्रिय किया जाए।

बैठक में अपर आयुक्त प्रशासन रणविजय यादव, मुख्य विकास अधिकारी ऋषि राज, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विकास कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट विजेता, उप जिलाधिकारी सदर नूपुर गोयल, उप जिलाधिकारी पुरवा अतुल कुमार, उप जिलाधिकारी बीघापुर दया शंकर पाठक, उप जिलाधिकारी सफीपुर एवं बाॅगरमऊ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage