सूर्य पाल गंगवार की अध्यक्षता में मतदेय स्थलों के परिवर्तन के प्रस्तावों पर चर्चा हेतु बैठक

लखनऊ 18 अगस्त 2022
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी सूर्य पाल गंगवार की अध्यक्षता में 18.08.2022 को समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन के पश्चात मतदेय स्थलों के परिवर्तन के प्रस्तावों पर चर्चा हेतु बैठक आहूत की गई।
बैठक में ज़िलाधिकारी द्वारा बताया गया कि विधानसभा मलिहाबाद, बक्शी का तालाब व सरोजिनी नगर में कोई भी मतदेय स्थल का परिवर्तन नही किया गया है। उक्त के अतिरिक्त विधानसभा 171 लखनऊ पश्चिम में 14 मतदान स्थलों को परिवर्तित करने, विधानसभा 172 लखनऊ उत्तर में 2 मतदान स्थलों को परिवर्तित करने, विधानसभा 173 लखनऊ पूर्व में 2 मतदान स्थलों को परिवर्तित करने, विधानसभा 174 लखनऊ मध्य में 3 मतदान स्थलों को परिवर्तित करने, विधानसभा 175 लखनऊ कैंट में 20 मतदान स्थलों को परिवर्तित करने एवं विधानसभा 176 मोहनलालगंज में 2 मतदान स्थलों को परिवर्तित करने का प्रस्ताव किया गया है। इस प्रकार कुल मिलाकर 43 मतदेय स्थलों और 19 मतदान केंद्रों को परिवर्तित करने का प्रस्ताव किया गया है।
ज़िला निर्वाचन अधिकारी द्वारा बैठक में आए हुए समस्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को परिवतर्न के लिए प्रस्तावित मतदेय स्थलों की सूची भी उपलब्ध कराई गई। ज़िला निर्वाचन अधिकारी द्वारा बताया गया कि समस्त राजनैतिक दल यदि कोई प्रस्ताव या आपत्ति दर्ज कराना चाहते है तो वह कल दिनांक 19 अगस्त 2022 तक दर्ज करा सकते है। दिनांक 22 अगस्त 2022 को आपत्तियों एव सुझाव हेतु मतदेय स्थलों की आलेख्य की सूची का प्रकाशन किया जाएगा। उसी दिन वर्तमान मतदेय स्थलों के संशोधन सम्बन्धी प्रस्ताव की प्रति समस्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध करा दी जाएगी।
उक्त के बाद दिनाक 2 सितम्बर 2022 से पहले वर्तमान सांसद सदस्यों तथा मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के साथ बैठक आहूत करने के पश्चात शिकायतों एव सुझावों के निस्तारण के बाद सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। उक्त के साथ ही भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक मतदेय स्थल पर 1500 मतदाताओं के आधार पर मतदेय स्थलों को व्यवस्थित करते हुए समस्त 9 विधानसभा में 270 मतदेय स्थलों की कमी को प्रस्तावित किया गया है। जिसका विवरण निम्नवत है :-
1) 168 मलिहाबाद 42 मतदेय स्थलों की कमी का प्रस्ताव
2) 169 बक्शी का तालाब 32 मतदेय स्थलों की कमी का प्रस्ताव
3) 170 सरोजनीनगर 32 मतदेय स्थलों की कमी का प्रस्ताव
4) 171 लखनऊ पश्चिम 12 मतदेय स्थलों की कमी का प्रस्ताव
5) 172 लखनऊ उत्तर 26 मतदेय स्थलों की कमी का प्रस्ताव
6) 173 लखनऊ पूर्व 14 मतदेय स्थलों की कमी का प्रस्ताव
7) 174 लखनऊ मध्य 20 मतदेय स्थलों की कमी का प्रस्ताव
8) 175 लखनऊ कैंट 39 मतदेय स्थलों की कमी का प्रस्ताव
9) 176 मोहनलालगंज 53 मतदेय स्थलों की कमी का प्रस्ताव
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा बताया गया कि मा0 निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अब वर्ष में 4 बार अर्थात 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई एवं 1 अक्टूबर के अहर्ता के आधार पर अर्ह व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित करने की कार्यवाही की जाएगी।
उक्त बैठक में अपर जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर ज़िलाधिकारी प्रशासन बिपिन मिश्रा, समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, समस्त राजनैतिक दलों के पदाधिकारी, सहायक ज़िला निर्वाचन अधिकारी उपस्थित रहे।








