एलडीए: कृष्णानगर व पारा में शॉपिंग कॉम्पलेक्स, गोदाम व रो-हाउस भवन सील

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अवैध निर्माण/प्लाटिंग के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में मंगलवार को पारा व कृष्णानगर क्षेत्र में अभियान चलाया गया। इस दौरान अवैध रूप से निर्मित किये जा रहे दो शॉपिंग कॉम्पलेक्स, गोदाम व रो-हाउस भवनों को सील किया गया।

प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि वीरू राय द्वारा कृष्णानगर के अलीनगर सुनहरा स्थित जे0के0 सिटी में लगभग 2500 वर्गफिट क्षेत्रफल में पूर्व निर्मित भवन में नये सिरे से निर्माण कार्य कराकर गोदाम के रूप में परिवर्तित करने का कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा सविता यादव पत्नी महिपाल यादव व अन्य द्वारा पारा के प्रदीपन खेड़ा में लगभग 2500 वर्गफिट क्षेत्रफल में भूतल व प्रथम तल पर चार दुकानें व द्वितीय तल पर हॉल का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं, रेशमा पत्नी राम सागर व अन्य द्वारा प्रदीपन खेड़ा में भाई-भाई हार्डवेयर एंड सेनेट्री के बगल में लगभग 2800 वर्गफिट क्षेत्रफल में भूतल, प्रथम तल व द्वितीय तल पर 06 दुकानों तथा तृतीय तल पर ममटी का निर्माण कराया जा रहा है। इसी तरह देशराज सिंह व अन्य द्वारा पारा में सेंट मेरी स्कूल रोड पर मोनार्क सिटी में लगभग 300 वर्गमीटर क्षेत्रफल में 03 रो-हाउस भवनों का निर्माण कराया जा रहा है।


प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना किये जा रहे इन समस्त निर्माणों के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किये गये थे। उक्त आदेशों के अनुपालन में आज सहायक अभियंता वाई0पी0 सिंह के नेतृत्व में अवर अभियंता भरत पाण्डेय, भानु प्रताप वर्मा व प्रमोद कुमार पाण्डेय द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से इन अवैध निर्माणों को सील कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button
btnimage