#LDA ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ चलाया अभियान, 50 हजार वर्गमीटर जमीन करायी खाली

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा दिये गये आदेशों के क्रम में गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-7 से लेकर सुल्तानपुर रोड तक चलाया गया अभियान
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा प्राधिकरण की भूमि पर से अवैध कब्जों/अतिक्रमण हटाने के सम्बंध में दिये गये आदेशों के क्रम में गुरूवार को गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-7 से लेकर सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग की बायीं पटरी तक अभियान चलाकर अवैध अतिक्रमणों को ध्वस्त किया गया। दिन भर चली कार्यवाही के दौरान 50 हजार वर्गमीटर से अधिक भूमि को खाली कराया गया।
विशेष कार्याधिकारी अमित राठौर ने बताया कि आगामी जी-20 सम्मेलन के दृष्टिगत उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी व सचिव पवन कुमार गंगवार द्वारा शहीद पथ से लेकर कार्यक्रम के आयोजन स्थल (सेंट्रम होटल) तक के पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया गया था। जिसमें उच्चाधिकारियों द्वारा गोमती नगर विस्तार में शहीद पथ की सर्विस लेन पर सड़क किनारे से अवैध अतिक्रमणों तथा गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-7 से लेकर सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के बायीं पटरी पर प्राधिकरण की अर्जित भूमि पर से अवैध कब्जों/अतिक्रमणों को हटाने के आदेश दिये गये थे। उक्त आदेशों के अनुपालन में गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-5 एवं 6 में अभियान चलाकर शहीद पथ की सर्विस लेन से अतिक्रमणों को पूर्व में हटा दिया गया था। वहीं, आज गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-7 से लेकर सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के बायीं पटरी पर अभियान चलाकर अवैध अतिक्रमणों को ध्वस्त किया गया।
तहसीलदार शशिभूषण पाठक ने बताया कि ग्राम-अहिमामऊ के अंतर्गत आने वाले इस भूमि पर अनाधिकृत कब्जेदारों द्वारा अवैध रूप से मैरिज लाॅन, वेयरहाउस, डम्पिंग यार्ड व सरिया/सीमेंट/मौरंग आदि की दुकानें संचालित की जा रही थीं। साथ ही कुछ हिस्से में झुग्गी-झोपड़ियां बनी थीं। कार्यवाही के दौरान सभी प्रकार के अतिक्रमणों को ध्वस्त करते हुए प्राधिकरण की 50 हजार वर्गमीटर से अधिक अर्जित व्यवसायिक भूमि को खाली कराया गया। कार्यवाही में प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी अरूण कुमार सिंह व अधिशासी अभियंता के0के0 बंसला समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित रहे।








