#LDA प्रवर्तन जोन-4 ने अलीगंज में अवैध निर्माण किया सील

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अनाधिकृत निर्माणों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में प्रवर्तन जोन-4 की टीम ने गुरूवार को अलीगंज में अवैध निर्माण सील किया।
प्रवर्तन जोन-4 के जोनल अधिकारी अरविन्द्र त्रिपाठी ने बताया कि अलीगंज में सचिन गर्ग व अन्य द्वारा भूखण्ड संख्या-बी-59, सेक्टर-बी पर स्वीकृत मानचित्र के विपरीत बेसमेण्ट में अतिरिक्त क्षेत्रफल आच्छादित करते हुए निर्माण कार्य तथा प्रथम तल पर कालम्स का निर्माण किया जा रहा था। उपरोक्त निर्माण के विरूद्ध विहित न्यायालय में वाद संख्या-864/2020 योजित किया गया था।
जोनल अधिकारी ने बताया कि उक्त निर्माण के सम्बंध में स्थल पर कोई स्वीकृत मानचित्र/साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया गया, जिस पर प्रश्नगत स्थल को सील किये जाने के आदेश पारित किये गए थे। उक्त आदेशों के अनुपालन में आज सहायक अभियंता अनिल कुमार के नेतृत्व में अवर अभियंता अम्बरीश कुमार तथा प्रवर्तन स्टाफ द्वारा प्राधिकरण पुलिस बल व क्षेत्रीय थाने की पुलिस के सहयोग से प्रश्नगत स्थल को सील किया गया।








