LDA बढ़ाने वाला है लेसा का सरदर्द, जल्द कटेगा बिजली कनेक्शन

  • सील किये गये अवैध निर्माणों में बिजली कनेक्शन कटवाएगा एलडीए
  • लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिये निर्देश
  • प्राधिकरण द्वारा सील की गयी बिल्डिंगों की सूची के साथ लेसा को कनेक्शन काटने के लिए भेजा जाएगा पत्र
  • जोनल अधिकारी, सहायक अभियंता व अवर अभियंता नियमित रूप से अपने क्षेत्र में निरीक्षण कर अवैध निर्माणों पर करें कार्यवाहीः उपाध्यक्ष

लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा सील किये गये अवैध निर्माणों में गुपचुप तरीके से निर्माण कार्य कराने की गुंजाइश न रहे, इसके लिए प्राधिकरण अब ऐसे भवनों का बिजली कनेक्शन भी कटवाएगा। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने मंगलवार को प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को इस सम्बंध में आदेश दिये हैं।

उपाध्यक्ष ने समस्त जोनल अधिकारियों को निर्देशित किया कि सील बिल्डिंगों की सूची के साथ लेसा को इस आशय से पत्र भेजा जाए कि अवैध निर्माण स्थल पर विद्युत कनेक्शन न दिया जाए और अगर कनेक्शन पूर्व में दिया जा चुका है तो इसे काट दिया जाए।

उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने जोनल अधिकारियों, सहायक अभियंताओं व अवर अभियंताओं को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से अपने क्षेत्र का निरीक्षण करके अवैध निर्माणों पर कार्यवाही सुनिश्चित करायें। निरीक्षण की कार्यवाही में किसी तरह की बाधा न आए, इसके लिए सुपरवाइजरों को पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराया जाए। उपाध्यक्ष ने कहा कि भू-उपयोग के विरूद्ध किये जा रहे अवैध निर्माणों को शीर्ष प्राथमिकता के आधार पर रोका जाए।

 

उपाध्यक्ष ने कहा कि अब से प्रवर्तन कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा की जाएगी। इसमें प्रत्येक जोन से यह सूचना देनी होगी कि कुल कितने अवैध निर्माणों के खिलाफ वाद योजित किये गये। इनमें से कितने निर्माण आवासीय एवं कितने व्यवसायिक प्रकार के हैं। साथ ही कितने प्रकरण नियोजित तथा कितने निर्माण अनियोजित क्षेत्र में हैं। उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि जिन अवैध प्लाटिंग, रो-हाउस भवनों एवं अवैध व्यवसायिक निर्माणों में ध्वस्तीकरण के आदेश हो चुके हैं, उनमें स्थल पर कार्यवाही सुनिश्चित करायी जाए। वहीं, जिन प्रकरणों में विपक्षियों द्वारा मण्डलायुक्त न्यायालय में अपील की गयी हैं, उनकी सूची बनाकर प्रस्तुत की जाए।

उपाध्यक्ष ने कहा कि प्रायः देखने में आ रहा है कि कुछ लोगों द्वारा प्राधिकरण के नाम पर कार्यवाही का डर दिखाकर जन सामान्य को ब्लैकमेल करने तथा अवैध वसूली करने का कार्य किया जा रहा है, जिससे जन सामान्य में प्राधिकरण की छवि धूमिल होती है। इसके दृष्टिगत उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे लोगों के नाम, मोबाइल नंबर व उनके द्वारा की गयी शिकायतों की सूची बनाकर कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित करायी जाए।

बैठक में अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा, विशेष कार्याधिकारी प्रिया सिंह, रामशंकर, अरविंद त्रिपाठी, देवांश त्रिवेदी एवं श्रद्धा चौधरी समेत प्रवर्तन के सभी सहायक अभियंता, अवर अभियंता, पेशकार एवं सुपरवाइजर उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage