एलडीए : गोमती नगर में चार व्यावसायिक अवैध निर्माण और एक आवासीय निर्माण सील

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-1 की टीम ने की कार्यवाही
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के क्रम में मंगलवार को प्रवर्तन जोन-1 की टीम ने गोमती नगर, गोमती नगर विस्तार व संजय गांधी पुरम में कार्यवाही की। इस दौरान अवैध रूप से निर्मित किये जा रहे 04 व्यावसायिक निर्माण व 01 आवासीय निर्माण को सील किया गया।

प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि ए0के0 सिंह व अन्य द्वारा गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-1 में भूखण्ड संख्या-1/सी-803ए पर लगभग 200 वर्गमीटर क्षेत्रफल में व्यावसायिक निर्माण करवाया जा रहा था। वहीं, रोहित सिंह व अन्य द्वारा सेक्टर-1 में भूखण्ड संख्या-1/बी-4ए पर लगभग 300 वर्गमीटर क्षेत्रफल में व्यावसायिक निर्माण कराया जा रहा था। इसी तरह डाॅ0 विजित सिंह व अन्य द्वारा गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-4 में भूखण्ड संख्या-4/1059 पर लगभग 250 वर्गमीटर क्षेत्रफल में व्यावसायिक निर्माण करवाया जा रहा था। इसके अलावा निरंजन रस्तोगी व अन्य द्वारा अयोध्या रोड स्थित संजयगांधीपुरम में लगभग 110 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर काॅम्पलेक्स का निर्माण कराया जा रहा था। उक्त चारों प्रकरण में विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए सीलिंग के आदेश पारित किये गये थे। जिसके अनुपालन में सहायक अभियंता उदयवीर सिंह के नेतृत्व में अवर अभियंता आशीष श्रीवास्तव, संजय भाटी व एस0के0 दीक्षित द्वारा पुलिस बल के सहयोग से चारों बिल्डिंगों को सील कर दिया गया।
इसके अलावा लल्ली उपाध्याय व अन्य द्वारा गोमती नगर के विनम्र खण्ड में भूखण्ड संख्या-2/22 पर लगभग 200 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अवैध रूप से आवासीय भवन का निर्माण कराया जा रहा था। जिसके विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए परिसर को पूर्व में सील कराया गया था। वर्तमान में विपक्षी द्वारा स्थल पर चोरी-छुपे निर्माण कार्य कराया जा रहा था। जिसे प्रवर्तन टीम ने आज पुनः सील कर दिया।