हनुमान सेतु मंदिर : हेरिटेज जोन की इमारतों की तरह फसाड लाइटों से जगमगाएगा

  • हेरिटेज जोन की इमारतों की तरह फसाड लाइटों से जगमगाएगा हनुमान सेतु मंदिर
  • लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिये निर्देश
  • हेरिटेज जोन की इमारतों में फसाड लाइटों का कार्य करा रही कंपनी को सी0एस0आर0 फंड से कराना होगा लाइटिंग का काम
  • राष्ट्र प्रेरणा स्थल, ग्रीन कॉरिडोर, थीम बेस्ड पार्क, फूड कोर्ट एवं म्यूजियम आदि परियोजनाओं को पूर्ण करने के सम्बंध में उपाध्यक्ष ने तय की समय-सीमा

लखनऊ वासियों की आस्था का केन्द्र हनुमान सेतु मंदिर जल्द ही आकर्षक फसाड लाइटों की रोशनी से जगमगाएगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने मंगलवार को विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों की समीक्षा बैठक में इस बाबत निर्देश दिये हैं।

उपाध्यक्ष ने मंदिर में फसाड लाइटें लगवाने का जिम्मा हेरिटेज जोन की इमारतों में फसाड लाइटों का काम कर रही कंपनी को सौंपा है। इसके लिए प्राधिकरण के स्तर से कोई धनराशि व्यय नहीं की जाएगी, यह काम कंपनी द्वारा अपने सी0एस0आर0 फंड से कराया जाएगा।

बैठक के दौरान उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा सर्वप्रथम राष्ट्र प्रेरणा स्थल के कार्यों की समीक्षा की गयी। इसमें पाया गया कि कैफेटेरिया, मेडिटेशन हॉल, योगा सेंटर, म्यूजियम ब्लॉक, टॉयलेट ब्लॉक, बाउन्ड्रीवॉल, गेट एवं गार्ड रूम व एम्पफी थियेटर आदि का कार्य तेजी से प्रगति पर है। वहीं, ग्रीन कॉरिडोर प्रोजेक्ट के अंतर्गत आई0आई0एम0 रोड से कूड़ियाघाट तक बंधा चौड़ीकरण व सड़क निर्माण के कार्य की प्रगति संतोषजनक नहीं पायी गयी। इस पर उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अगर एक सप्ताह के अंदर कार्य की गति बढ़ायी नहीं गयी तो कार्यदायी संस्था मेसर्स भारतीय इन्फ्रा प्रोजेक्ट प्रा0लि0 पर पांच लाख रूपये का जुर्माना लगाया जाए।

थीम बेस्ड पार्क के कार्यों के सम्बंध में उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वेस्ट टू वंडर के तहत बनायी जा रही सभी कलाकृतियां व स्मारिकाएं 15 अगस्त तक पार्कों में स्थापित करा दी जाएं, जिसके बाद पाथ-वे व अन्य सिविल कार्य पूर्ण कराये जाएं। इसी तरह हैप्पीनेस पार्क का कार्य 15 सितम्बर तक पूरा कराने के निर्देश दिये गये। उपाध्यक्ष ने कहा कि सभी अधिकारी पर्ट चार्ट बनाकर कार्यों को पूरी गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूर्ण करायें।

इसके अलावा हेरिटेज जोन में निर्माणाधीन फूड कोर्ट व म्यूजियम के सम्बंध में उपाध्यक्ष ने कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को हिदायत देते हुए कहा कि अवशेष कार्यों को हर हाल में 30 सितम्बर तक पूर्ण करा लें, अन्यथा 10 लाख रूपये का जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं, जनेश्वर मिश्र पार्क में मोशन चेयर व म्यूजिकल वॉटर स्क्रीन के कार्य के सम्बंध में उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि 10 अगस्त को दोनों प्रोजेक्ट का फाइनल ट्रायल करा लिया जाए।

बैठक में प्रभारी मुख्य अभियंता ए0के0 सिंह, पी0आई0यू0 के सदस्य ए0के0 सिंह सेंगर, अधिशासी अभियंता नवनीत शर्मा, के0के0 बंसला, संजय जिंदल व सहायक अभियंता राजपाल सिसौदिया, प्रवीण कुमार एवं भगत सिंह समेत अन्य अधिकारी व कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
btnimage